समरसता संकल्प यात्रा : बेगमपुरा का संदेश

भारत की महान संत परम्परा ने समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाया है। इस परम्परा में गुरु रविदास जी का स्थान बहुत ऊंचा और विलक्ष्ण है। उनकी बाणी सिर्फ  भक्ति की अभिव्यक्ति नहीं,  बल्कि सामाजिक क्रांति, मानवाधिकारों और जातिवाद से मुक्त समाज की स्थापना का महान संदेश है। गुरु रविदास जी ने अपने समय में सामाजिक भेदभाव और असमानता के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए ऐसे समाज की कल्पना की, जहां हर इन्सान को सम्मान, बराबरी और आज़ादी मिले। 
गुरु रविदास जी के 650वें आगमन पर्व को समर्पित भाजपा द्वारा आयोजित की जा रही ‘समरसता संकल्प यात्रा’ इसी महान विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। 18 नवम्बर को जालन्धर के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर 3 दिसम्बर को वाराणसी में गुरु रविदास जी के जन्म अस्थान सीर गोवर्धनपुर में सम्पन्न होने वाली यह यात्रा 2,558  किलोमीटर की दूरी तय करेगी। सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 46 शहरों से गुज़रने वाली यह यात्रा दो करोड़ से अधिक लोगों तक गुरु जी की शिक्षाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखती है।
 गुरु रविदास जी की बाणी का मुख्य सिद्धांत इन्सानी समानता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी मनुष्य की महानता उसकी जाति, जन्म या सामाजिक हैसियत से नहीं, बल्कि उसके कर्मों, भक्ति और विचारों से तय होती है। गुरु जी का यह शब्द समाज को आज भी एक नई दिशा देती है :
जाति जाति महि जाति है
जिऊ केलन के पात।।
रविदास न मानुख जुड़ि सकै
जऊ लऊ जाति न जात।।
इस विचार का भाव है कि जाति-पात की परतें इन्सानी समाज को बांटती हैं। जब तक यह बंटवारा खत्म नहीं होता, तक तक इन्सानियत असल रूप में एकजुट नहीं हो सकती। वर्तमान में जब समाज को अलग-अलग पहचान के आधार पर बांटने के यत्न होते हैं, गुरु जी की बाणी हमें आपसी सम्मान और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाती है।
गुरु रविदास जी की विचारधारा का सबसे प्रेरणादायक प्रकटावा उनके ‘बेगमपुरा’ के संकल्प में मिलता है। गुरु जी ने एक ऐसे आदर्श समाज की कल्पना की जहां कोई दुख, डर, भेदभाव या शोषण न हो। उनकी बानी में यह शब्द दर्ज है :
बेगम पुरा सहर को नाऊ।। 
दुखु अंदोहु नही तिहि ठाऊ 
(अंग : 345)
बेगमपुरा सिर्फ एक आध्यात्मिक कल्पना नहीं, बल्कि एक सामाजिक और नैतिक आदर्श है। यह ऐसे भारत की कल्पना करता है जहां हर नागरिक को शिक्षा, रोज़गार, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के समान अवसर मिलें। समरसता का असली अर्थ भी यह है कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चला जाए। गुरु जी ने मानवता को सबसे ऊपर रखते हुए प्रभु की सर्वव्यापकता का संदेश दिया है। वह कहते हैं :
ऐसी लाल तुझ बिनु कउनु करै।।
गरीब निवाजु गुसइआ मेरा
माथै छत्र धरै।।  
(अंग : 1106)
ये शब्द उस प्रभु के प्रति विश्वास दर्शाते हैं, जो गरीबों, ज़रूरतमंदों और वंचित लोगों का सहारा हैं। गुरु जी की यह विचारधारा हमें समाज के कमज़ोर वर्गों के प्रति संवेदनशील होने और उनके कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रेरित करती है। इसीलिए समरसता संकल्प यात्रा के दौरान सफाई अभियान, सामाजिक संवाद, समरसता भोज और अलग-अलग समुदायों की भागीदारी जैसी गतिविधियों को महत्व दिया जा रहा है। गुरु जी भक्ति को मानवीय जीवन की शुद्धता और नैतिकता से जोड़ते हुए कहते हैं—मन चंगा तो कठौती में गंगा। यह पंक्ति इन्सान को भीतरी शुद्धता का महत्व समझाती है। गुरु जी के अनुसार सच्ची भक्ति के लिए दिखावे की नहीं, बल्कि पवित्र मन, सच्चे आचरण और नि:स्वार्थ सेवा की आवश्यकता होती है। यह संदेश आज के समाज में भी बहुत प्रासंगिक है, क्योंकि सामाजिक बदलाव की शुरुआत मनुष्य के खुद के विचारों और व्यवहार से होती है।
भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा को सिर्फ एक धार्मिक या राजनीतिक समारोह तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। इसका महत्व इस बात में है कि गुरु रविदास जी की बाणी को लोगों के जीवन और सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए। जालंधर से वाराणसी तक की यह यात्रा पंजाब की संत परम्परा तथा उत्तर भारत की साझी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी एक मौका भी है। इस यात्रा के ज़रिये सामाजिक एकता, भाईचारे और इन्सानी मर्यादा के संदेश को और मज़बूत किया जा सकता है। 
गुरु रविदास जी के 650वें आगमन पर्व का असली महत्व उनकी बाणी को पढ़ना, समझना और उस पर अमल करना है। अगर हम जातिवाद,  छुआछूत, सामाजिक भेदभाव और असमानता को खत्म करने का संकल्प लेते हैं, तभी गुरु जी के प्रति हमारी श्रद्धा सार्थक होगी। समरसता संकल्प यात्रा इसी दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। गुरु रविदास जी का बेगमपुरा का सपना एक ऐसे समाज की स्थापना का संदेश है, जहां हर इन्सान समान हो, हर दिल में इन्सानियत बसे और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले। यही गुरु जी की बाणी का शाश्वत संदेश और समरसता का असली संकल्प है।


(लेखक पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं)

#समरसता संकल्प यात्रा : बेगमपुरा का संदेश