स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी करतार सिंह सराभा
आज शहीदी दिवस पर विशेष
‘मेरी वीरता और साहसिक मृत्यु के बाद मुझे ‘विद्रोही’ की उपाधि देना। यदि कोई मुझे याद करे तो ‘विद्रोही करतार सिंह’ के रूप में याद करे।’
1915 में जब अंग्रेज़ों ने करतार सिंह सराभा को फांसी दी, तो उनकी आयु मात्र 19 वर्ष थी। यद्यपि युवावस्था के शुरआती वर्षों में ही उनका जीवन समाप्त कर दिया गया, किंतु उनकी विरासत आज भी जीवित है। सराभा की विरासत ने महान क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह को प्रेरित किया। लाहौर षड्यंत्र मुकद्दमे के तहत करतार सिंह और उनके 41 साथियों को लाहौर की सेंट्रल जेल में बंद किया गया और बाद में 16 नवम्बर, 1915 को उसी जेल में फांसी दी गई। फांसी से पहले सराभा ने लाहौर सेंट्रल जेल की दीवारों पर लिखा था—शहीदों का रक्त व्यर्थ नहीं जाता! समय बीतने के साथ इतिहास के शोरगुल में शहीद करतार सिंह सराभा का महान योगदान देश की सामूहिक स्मृति से धुंधला पड़ता प्रतीत होता है।
करतार सिंह सराभा मुकद्दमे की सुनवाई समय फांसी सुनाए जाने के अवसर पर सिर्फ साढ़े 18 वर्ष के तथा आरोपी ठहराए गए 42 कैदियों में सबसे छोटे थे। यह मुकद्दमा डेढ़ वर्ष तक चला और अंत में 16 नवम्बर को सराभा को फांसी दी गई। वह फांसी वाले दिन बहुत खुश थे और ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाते हुए फांसी का रस्सा अपने गले में डाल लिया था।
करतार सिंह सराभा का जन्म 24 मई, 1896 को सराभा गांव में हुआ था। सराभा ने मात्र तीन वर्ष की आयु में अपने पिता को खो दिया था। उनका पालन-पोषण उनके दादा बदन सिंह ग्रेवाल ने किया। दादा ने उन्हें गांव सराभा के प्राथमिक विद्यालय से लुधियाना के मालवा खालसा स्कूल भेजा और उसके बाद ओडिशा के ऐतिहासिक शहर कटक भेज दिया। वहां उनके दो चाचा स. वीर सिंह और सर. बख्शीश सिंह रहते थे। कटक के रेवेनशॉ कॉलेजिएट स्कूल (1909-1912) में प्रसिद्ध राष्ट्रवादी और प्रधानाध्यापक बेनी माधव दास के मार्गदर्शन में उनकी क्रांतिकारी और देशभक्तिपूर्ण भावनाओं को ठोस रूप मिलने लगा। बेनी माधव दास ने सुभाष चंद्र बोस को भी प्रेरित किया था, जो उसी स्कूल में 1909-1913 के दौरान पढ़े और सराभा से एक वर्ष कनिष्ठ थे। स्वंतत्रता के लिए उनकी क्रांतिकारी यात्रा के आगे बढ़ने के क्रम में करतार सिंह सराभा ने 1915 में लाहौर षड्यंत्र मुकद्दमे के दौरान रास बिहारी बोस को गिरफ्तारी से बचने में मदद की थी।
सराभा कटक से लुधियाना गए और फिर उच्च शिक्षा प्राप्त करने की प्रबल इच्छा के साथ 1912 में बर्कले के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय पहुंचे। वहां उनका संपर्क लाला हरदयाल और सोहन सिंह भकना से हुआ, जिन्होंने ‘हिन्दुस्तान एसोसिएशन ऑफ पैसिफिक कोस्ट’ का गठन किया था। यह 1 नवम्बर, 1913 को गदर पार्टी के गठन की पूर्वपीठिका थी। भारत में ब्रिटिश सरकार को उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से गदर पार्टी की स्थापना के बाद उसके संस्थापक सदस्यों में सबसे कम उम्र के सराभा ने बड़े उत्साह से काम करना शुरू किया और ऐतिहासिक महत्व के निर्णयों में भाग लिया, जिनमें भारत को स्वतंत्र कराने के लिए सशस्त्र संघर्ष का निर्णय भी शामिल था।
इस दौरान विद्रोह हेतु गदरियों के जत्थे समुद्र के रास्ते भारत पहुंचने लगे। भारत पहुंचने पर अनेक नेताओं को गिरफ्तार या नज़रबंद कर दिया गया अथवा उन्हें अपने गांवों तक सीमित रहने का आदेश दिया गया। बिखरे हुए समूहों को संगठित करने, रेजिमेंटों से सम्पर्क स्थापित करने तथा धन और हथियार जुटाने में करतार सिंह सराभा ने प्रमुख भूमिका निभाई। ब्रिटिश अधिकारियों की सतर्कता और क्रांतिकारियों की गिरफ्तारियों के कारण विद्रोह विफल हो गया। षड्यंत्र के 8 मुकद्दमों तथा हथियारों की डकैती एवं हत्या से जुड़े 8 अन्य मामलों में 275 से अधिक लोगों पर चलाए गए मुकद्दमे में सराभा सहित 46 को फांसी दी गई। जब सराभा को फांसी देने के लिए ले जाया जा रहा था, तब उन्होंने लाहौर सेंट्रल जेल के अधीक्षक से कहा, ‘ सुपरिंटेंडेंट साहब यह मत सोचिए कि करतार सिंह मर गया है। मेरे खून की हर बूंद से एक नया करतार सिंह जन्म लेगा और वह देश की आज़ादी के लिए काम करेंगे।’
यह इतिहास और सराभा के वृत्तांत का एक अनोखा संयोग है कि इस भुला दिए गए नायक का हर शब्द, हर विचार और हर इच्छा समय के साथ सच साबित हुई है। हम 16 नवम्बर को इस महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह ‘विद्रोही’ के 111वें शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। सराभा से संबंधित ज़्यादातर ऐतिहासिक सबूत मिटा दिए गए हैं। यहां तक कि गांव सराभा, लुधियाना एवं कटक के स्कूलों तथा बर्कले, कैलिफोर्निया के विश्वविद्यालयों में उनके दाखिले से संबंधित रिकार्ड प्राप्त नहीं होते। हम कवि जगदंबा प्रसाद मिश्रा की लिखी पंक्तियों के ज़रिए सराभा के बेमिसाल बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले।
वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा।
(लेखिका आईएएस अधिकारी एवं कटक नगर निगम की आयुक्त हैं तथा लेखक दिल्ली के पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त हैं।)

