अधूरेपन का सुख
ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ती जाती है, त्यों-त्यों आदमी अधिक रोमांटिक होता जाता है। फिल्मी गीतों का भण्डार टटोलते हैं तो लगता है, हर अवस्था के लिए इन गीतों ने आपका जीवन सार्थक करने की ठान रखी है। कभी-कभी सोचते हैं, यार यूं ही कट गई।
पच्चीस की उम्र थी तो सोचा था देश में क्रांति हो जाएगी। सब कुछ बदल देंगे। सबसे पहले तो अपनी यह थिगली लगी ज़िन्दगी बदलेंगे। अच्छा खाएंगे, अच्छा ओढ़ेंगे, अच्छी से अच्छी जगह पर जिएंगे, लेकिन हम तो भूल गए कि हम इस देश की अत्याधिक जनसंख्या की तीन चौथाई आबादी का एक हिस्सा हैं। शेष एक चौथाई तो कहीं और रहती है, और इतवार को सजने वाले फुटपाथी बाज़ारों में आना अपनी तौहीन समझती है। ज़मीन पर बैठ कर बेचने वाला उन्हें अपने भू-लोक का प्राणी नहीं लगता। उसके साथ वस्तु खरीदते हुए भाव-ताव करना अपनी तौहीन लगता है। वह तो मॉल-प्लाज़ाओं में जाती है, और वहां बने सिनेमा घरों में सात सौ रुपये का बर्गर खरीदती है। वहां लगी धार्मिक पिक्चर देखकर गर्व से दुगनी चौगनी हो जाती है, जिसने कम्प्यूटर की कृपा से अपने फिल्मांकन में हॉलीवुड की आधुनिकतम फिल्मों को भी पानी पिला दिया है। विशालता में उनके कन्धे से कन्धा भिड़ा दिया है। फिल्म ने कहानी खो दी कोई बात नहीं। हमें ही कौन-सी कहानी ठीक से पता थी। मार्मिक प्रसंग नज़र नहीं आए तो क्या हुआ? आपको पता नहीं कि आजकल इस मोल-तोल वाली दुनिया में भावुक होना मना है। जैसे सच्चाई और ईमानदारी अतीत के धुंधलके में खो गई हैं। इसी तरह आस्था, भावुकता और आंसू टकपाया भी आऊट ऑफ फैशन हो गया है। आजकल तो सब लोग बाहरी टीम टाम देखते हैं, और ‘जय जय’ की जगह ‘वाउ’ चिल्लाते हैं। इसलिए यह आत्माविहीन फिल्म सफल है, और धन कमाने का रिकार्ड बना रही है। सुना है, दो बरस बाद इसी का दूसरा भाग आएगा, भावुकता और मार्मिकता के इंतज़ार को उसके आने के लिए टाल दो, और फिलहाल विस्तार में इन्सान के खो जाने की कल्पना से अभिभूत हो जाओ।
आपने समझा हम एक फिल्म की बात कर रहे हैं! जी नहीं, यही तो ज़िन्दगी है। सुख से सफलता से जीना है, तो अपना पण्डित्या बघार कर गलत मंत्र पढ़ो और बताओ कि यही सार्थक है। बिल्कुल वैसे ही जैसे लेखक हो तो गलत भाषा के प्रयोग को मौलिक बताओ, और कहो कि हमने भाषा की शुचिता के लौह द्वार तोड़ कर उसे आम फहम कर दिया है। इसे जन-जीवन के नज़दीक ले आए हैं। अर्थात साहित्य और आम आदमी का साधारणीकरण कर दिया है। अब न उसकी जून सुधरेगी, न आपकी।
परन्तु पूर्ण और आदर्श कौन बनना चाहता है। यह तो आपके लिए मुफलिसी के द्वार खोलता है। अधूरा रह जाने से बड़ा कोई और सुख नहीं। पहले तो अपनी इस अवस्था पर दार्शनिकता बघार सकते हो। कह दो, ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता। किसी को ज़मीन नहीं मिलती तो कहीं आसमान नहीं मिलता’ परन्तु यह न बताना कि इस मुकम्मल जहां पर तो बहुमंज़िली इमारत वालों ने कब्ज़ा कर लिया। उसे आपके लिए छोड़ने का उनका कोई मूड नहीं। बस आपके लिए अनुकम्पा संस्कृति की पुनर्रचना करके दया-धर्म वाली भारतीय संस्कृति की संरचना कर लो। अपनी राजनीति की सफलता भी पा लो। देखो अब देश में रोज़गार खिड़कियों के बाहर भीड़ नहीं लगती। यह पूरी की पूरी भीड़ सस्ते राशन या लंगर की दुकानों पर चली गई है, और आपको भूखा न मरने देने की गारण्टी दे गदगद हो रही है।
ऐसी स्थिति में रोमांटिक हो जाने को ही मुक्ति प्रसंग कहा जा सकता है। कह देते हैं, ‘आधा है चन्द्रमा, रात आधी, रह न जाये तेरी मेरी मुलाकात आधी।’
जनाब, मुलाकात तो आधी ही रहेगी। हमारे जीवन में आपके वायदे आए, और उनके पूरा हो जाने का इंतज़ार आया। घोषणाएं आईं और उनके अधूरा रह जाने का भाग्य आया। इसी ने तो हमें नियतिवादी बना दिया है। असंतुष्ट होने पर भी सन्तुष्ट होने का धर्म सिखा दिया है। भूखे हो तो आपको उपवास का महत्त्व समझा दिया है। गारण्टी किसकी लेते हो, काम करने की निश्चितता की नहीं बल्कि भूख से न मरने देने की।
इसलिए दुनिया के सर्वेक्षणों ने अगर आपको या इस देश की आधी आबादी को बिना काम रियायत की रेवड़ियों पर आधारित बना दिया, तो क्या हैरानी? पर आप यह भी तो सोचो कि आपका देश दुनिया की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया, तीसरी बनने जा रहा है, और शीघ्र ही दुनिया की पहली शक्ति बनेगा। तब हम अपनी आज़ादी का शतकीय वर्ष मनाएंगे। यह मामूली बात है कि दुनिया की इस सबसे तेज़ आर्थिक विकास वाली गति को देश की तीन चौथाई आबादी तलाश करेगी और अपने अधूरेपन में ही जयघोष करके सम्पूर्ण हो जाएगी।

