गेहूं का अधिक उत्पादन लेने के लिए कुछ सुझाव

रबी की मुख्य फसल गेहूं की बिजाई पूरे जोबन पर है। इस वर्ष यह समय पर हो रही है क्योंकि मौसम अनुकूल है। ज़मीन को सिंचाई की ज़रूरत नहीं पड़ी। धान और बारिश की नमी ही बिजाई के लिए पर्याप्त थी। ज़्यादातर किसानों ने इस वर्ष पिछले वर्षों के मुकाबले पराली और धान के अवशेष को बहुत कम आग लगाई है (चाहे 2025 के मुकाबले मामले बढ़े हैं)। उन्होंने अच्छी तरह समझ लिया है कि पराली को खेत में जोतने से भूमि की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है और आग न लगाने से प्रदूषण भी कम होता है। 
किसानों ने उचित किस्म के चयन और बीज को बहुत महत्व दिया है। अब तक किसानों ने पीएयू की पीबीडब्ल्यू-826, पीबीडब्ल्यू-872 किस्मों को बिजाई के लिए अधिक चुना है। चाहे सबसे ज़्यादा बिजाई आईआईडब्ल्यूबीआर की डीबीडब्ल्यू-327 किस्म की हुई है जिसने गत वर्ष सबसे ज़्यादा उत्पादन दिया था। अब नवम्बर के दूसरे पखवाड़े से किसानों की पसंद आईसीएआर-आईएआरआई की एचडी-3386 किस्म होने की संभावना है, जिसकी काश्त दिसम्बर के पहले सप्ताह तक भी की जाती है। आईसीएआर-आईएआरआई के संयुक्त निदेशक डॉ. विश्वानाथन सी. कहते हैं कि संस्थान ने एचडी-3428 (जो जारी हो चुकी है) और एचडी-3471 (अधिसूचित किस्म) किस्में किसानों को दी हैं, जो उत्पादन के पक्ष से उत्तम हैं और अन्य किस्में भी पाइपलाइन में हैं। 
पंजाब सरकार द्वारा गेहूं की काश्त के लिए तय किए गए लक्ष्य के अनुसार 35 लाख हेक्टेयर रकबे में गेहूं की बिजाई होगी, परन्तु किसान संगठनों के अनुसार रकबा 35 लाख हेक्टेयर से पार हो जाएगा। एक निश्चित फसल होने के कारण हर छोटा-बड़ा किसान इसे बोता है। गेहूं में गुल्ली-डंडा नदीन एक बड़ी समस्या है। यदि इसे सही समय पर नियंत्रित न किया जाए तो यह कई खेतों में 60 प्रतिशत तक उत्पादन कम कर देता है। बिजाई के 72 घंटे के भीतर इस्तेमाल के लिए यूपीएल जैसी प्रसिद्ध कंपनियों ने ऐसे नदीन नाशक (जैसे स्प्रस+दोस्त आदि) किसानों को उपलब्ध किए हैं, जो ऐसे नदीनों को उगने से पहले ही खत्म कर देते हैं। पिछले वर्षों के अनुभव बताते हैं कि इस समूह के नदीन नाशक बेहद प्रभावशाली रहे हैं। 
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. गुरजीत सिंह बराड़ के अनुसार इस वर्ष खाद की कोई कमी नहीं रही। किसानों को ज़रूरत के अनुसार डीएपी खाद उपलब्ध हुई है। गेहूं की फसल को दूसरी फसलों के मुकाबले ज़्यादा फास्फोरस खाद की ज़रूरत होती है जिसे बिजाई के साथ ही ड्रिल कर देना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार मध्यम ज़मीनों में जहां मिट्टी की जांच नहीं हुई है, गेहूं की फसल में प्रति एकड़ 55 किलो डीएपी, 110 किलो नीम-लिप्त यूरिया, 20 किलो म्यूरेट ऑफ पोटाश डालना चाहिए। लेकिन कई किसान 180-220 किलो तक यूरिया डाल रहे हैं। 
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक का कहना है कि किसानों को कलराठी ज़मीन के अतिरिक्त सिफारिश की गई खुराक से अधिक नाइट्रोजन नहीं डालना चाहिए। कलराठी ज़मीन में 25 प्रतिशत तक नाइट्रोजन चाहे बढ़ा दी जाए। मध्य दिसम्बर के बाद बोई गई फसल को सही समय पर बोई गई गेहूं के मुकाबले 25 प्रतिशत नाइट्रोजन कम कर देनी चाहिए। सारी फास्फोरस (55 किलो डीएपी, और पोटाश—20 किलो म्यूरेट ऑफ पोटाश) बिजाई के समय डाल देनी चाहिए। समय पर बोए गए गेहूं में पहली और दूसरी सिंचाई के साथ 45 किलो तथा दिसम्बर के मध्य से बोए गए गेहूं में 35 किलो प्रति एकड़ यूरिया डालना चाहिए। सुपरसीडर से बोए गए गेहूं में सिंचाई से पहले या बाद में यूरिया डाला जा सकता है। यदि खेत में यूरिया की पूरी मात्रा डालने के बाद भी फसल में नाइट्रोजन की कमी के आसार हों तो 9 किलो यूरिया 300 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करना चाहिए। गेहूं-धान के फसल चक्र में कई ज़मीनों में मैंगनीज़, ज़िंक और गंधक की कमी हो तो वह पूरी कर देनी चाहिए। रेतीली ज़मीन में मैंगनीज़ की कमी अधिक होती है। मैंगनीज़ की कमी वाली ज़मीन में एक किलो मैंगनीज़ सल्फेट 300 लीटर पानी में मिलाकर एक छिड़काव पहली सिंचाई से दो-चार दिन पहले तथा तीन छिड़काव सप्ताह-सप्ताह के बाद धूप वाले दिन करने चाहिएं। मैंगनीज़ सल्फेट का सिर्फ छिड़काव ही करना चाहिए। इसे ज़मीन में नहीं डालना चाहिए। सल्फर की कमी वाली ज़मीन में 100 किलो जिप्सम 18 किलो बेंटोनाइट सल्फर (90 प्रतिशत) प्रति एकड़ के हिसाब से बिजाई से पहले ही डाल देना चाहिए। इससे सल्फर की ज़रूरत पूरी हो जाएगी।
पीएयू के अनुसार हैप्पी सीडर से बिजाई करने से नदीनों खासकर गुल्ली-डंडे की समस्या कम आती है। नदीनों और अन्य बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए छिड़काव साफ मौसम में तथा एक समान करने चाहिएं। छिड़काव के बाद फसल को कम पानी देना चाहिए, क्योंकि ज़्यादा पानी देने से नदीन नाशकों का प्रभाव कम हो जाता है। मध्य दिसम्बर के बाद बोए गए गेहूं को आखिर तक पानी देते रहना चाहिए। दाना भरते समय बढ़ते तापमान से फसल को बचाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए पोटाशियम नाइट्रेट का छिड़काव करना चाहिए। यदि गेहूं में पीलापन हो तो किसानों को यूरिया ही नहीं डालते रहना चाहिए। पीलेपन के मुख्य कारण पोषक तत्वों की कमी, खराब मौसम, पानी की कम निकासी, सिस्ट नेमाटोड का हमला और फफूंद का हमला आदि हैं। खर्च कम करने के लिए आईसीएआर-आईएआरआई के गेहूं के सीनियर ब्रीडर डॉ. राजवीर यादव का कहना है कि किसानों को ज़ीरो टिलेज तकनीक का इस्तेमाल करके बिजाई करनी चाहिए।
ई-मेल : bhagwandass226@gmail.com

#गेहूं का अधिक उत्पादन लेने के लिए कुछ सुझाव