अमरीका से मित्रता अहम, लेकिन निर्भरता कम हो
हाल के दिनों में दुनिया में तेज़ी से और बड़े बदलाव हो रहे हैं। अमरीका का आर्थिक और सैन्य दबदबा हालांकि अभी भी काफी है, बढ़ती चुनौतियों का सामना कर रहा है। उभरती हुई अर्थव्यवस्थाएं और विकासशील देश तेज़ी से अपनी आवाज़ उठा रहे हैं और अलग-अलग वैश्विक फोरमों और मंचों के ज़रिए अन्तर्राष्ट्रीय मामलों में अपनी सही जगह की मांग कर रहे हैं।
एक समय था जब भारत ने इन फोरमों मेंए खासकर गुट-निरपेक्ष आन्दोलन के ज़रिए मुख्य भूमिका निभायी थी और राजनीतिक आज़ादी, आर्थिक न्याय और एक बराबरी वाली अन्तर्राष्ट्रीय व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहे विकासशील देशों को दिशा दी थी। हालांकि स्थिति काफी बदल गई है। उभरते हुई विश्व व्यवस्था को बनाने में भारत की आवाज़ कम है गयी है और असर कमज़ोर हो गया है, जिससे उसकी विदेश नीति की दिशा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
हाल ही में हुए 49वां आसियान शिखर सम्मेलन और फिलीपींस के मनीला में क्वाड देशों की बैठक ने एक बार फिर इस सच्चाई को सामने ला दिया है। क्वाड की 2025 की बैठक भारत में होनी थी, लेकिन अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कहने पर इसे टाल दिया गया और अब मनीला में किया जा रहा है। सबसे ज़्यादा गुस्सा इस बात पर आया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक प्रैस कॉन्फ्रैंस के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प के साथ खड़े होने में हिचकिचा रहे थे। यह भारत के घटते राजनयिक आत्मविश्वास और कद का प्रतीक बन गया है। प्रधानमंत्री पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं और हर भारतीय स्वाभाविक रूप से चाहेगा कि देश के नेता को दुनिया के बड़े नेताओं के बीच बराबर माना जाए। दुर्भाग्य से पिछले कई सालों में मौजूदा सरकार की विदेश नीति ने यह आभास दिया है कि भारत एक स्वतंत्र और संतुलित अन्तर्राष्ट्रीय भूमिका निभाने के बजाय अमरीका पर बहुत ज़्यादा निर्भर होता जा रहा है।
भारत की इज़रायल के साथ बढ़ती नज़दीकी ने उसकी विदेश नीति की निरन्तरताऔर आज़ादी पर भी सवाल उठाए हैं। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बार-बार भारत को एक बड़ी वैश्विक ताकत और करीबी रणनीतिगत साझेदार बताया है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्तों पर भी ज़ोर दिया है। इस रिश्ते को इज़रायल के बढ़ते अन्तर्राष्ट्रीय अकेलेपन और गाज़ा में उसकी सैन्य कार्रवाइयों से पैदा हुए नरसंहार के गंभीर आरोपों की पृष्ठभूमि में देखा जाना चाहिए। ईरान पर अमरीका-इज़रायल के मिले-जुले हमले और उसके बाद बढ़े तनाव ने ईरान के साथ भारत के रिश्तों को और मुश्किल बना दिया है, एक ऐसा देश जिसके साथ भारत के पुराने सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्ते हैं।
इस बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने बार-बार प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए सार्वजनिक रूप से बातें की हैं और भारत से जुड़े मामलों में अमरीकी मांगों और नज़रिए को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। इस तरह की घटनाओं ने उस रिश्ते की असमान प्रकृति को और सामने ला दिया है जिसे मौजूदा सरकार अक्सर करीबी और बराबर के साझेदार के बीच का रिश्ता बताती है। ज़रूरी अन्तर्राष्ट्रीय राजनयिक मुलाकातों से भारत का दूर रहना एक और चिंता की बात है। भारत को एपेक बैठक में नहीं बुलाया गया, जिसमें 21 देश शामिल हुए थे जबकि भारत ने इसमें हिस्सा लेने में दिलचस्पी दिखाई थी। चीन के शेनझेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शीजिनपिंग और अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की उच्चस्तरीय बैठक से भारत की राजनयिक स्थिति और उभरती विश्व व्यवस्था से जुड़े फैसलों पर असर डालने की उसकी काबिलियत पर सवाल उठते हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से भारत की एक स्वतंत्र और रचनात्मक विदेश नीति और भी ज़रूरी हो गई है। बदलती अंतर्राष्ट्रीय स्थिति भारत के सामने चुनौतियां और अवसर, दोनों लेकर आई है। इसके लिए एक ऐसी विदेश नीति की आवश्यकता है जो रणनीतिक स्वायत्तता, स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता, आपसी सम्मान और विकासशील देशों के साथ एकजुटता पर आधारित हो। अब समय आ गया है कि भारत अपनी विदेश नीति की प्राथमिकताओं का पुनर्मूल्यांकन करे और किसी एक वैश्विक शक्ति पर अत्यधिक निर्भरता से बाहर निकले। अमरीका के साथ दोस्ती महत्वपूर्ण है, लेकिन यह भारत के स्वतंत्र दृष्टिकोण या अन्य देशों के साथ उसके पारंपरिक संबंधों की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।
भारत को ब्रिक्स, एससीओ और अन्य बहुपक्षीय मंचों को मज़बूत करना चाहिए, वैश्विक संस्थाओं में सुधार को बढ़ावा देना चाहिए और संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में शांति के लिए सक्रिय रूप से काम करना चाहिए। भारत को किसी और की वैश्विक रणनीति में एक ‘अधीनस्थ भागीदार’ नहीं बनना चाहिए। उसे अपनी स्वतंत्र आवाज़ को फिर से हासिल करना चाहिए और एक नया रास्ता चुनना चाहिए, एक ऐसा रास्ता जो राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा करे, अंतर्राष्ट्रीय शांति को बढ़ावा दे और एक न्यायपूर्ण तथा बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को आगे बढ़ाए। (संवाद)



