आसमान में चमकता सूर्य है वैभव सूर्यवंशी

क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी कोई ऐसी पारी खेली जाती है, जो केवल स्कोरबोर्ड के आंकड़े नहीं बदलती बल्कि खेल की स्थापित धारणाओं को भी चुनौती दे डालती है। दोहरा शतक बनाने के लिए 200 रन चाहिए, यह तो क्रिकेट की सामान्य गणित है, लेकिन जब कोई किशोर बल्लेबाज महज 52 गेंदों में इस आंकड़े को छू ले तो क्रिकेट की दुनिया कुछ क्षणों के लिए ठिठक जाती है। दोहा के मैदान पर 24 नवम्बर 2026 को कुछ ऐसा ही हुआ। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसी आतिशबाजी की कि क्रिकेट का आसमान उनके नाम से जगमगा उठा। महज 53 गेंदों में 204 रन! सात चौके और 28 छक्के! यह केवल एक पारी नहीं बल्कि क्रिकेट की कल्पनाशीलता और मानवीय क्षमताओं की नई सीमा का ऐलान था।
संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स प्रतियोगिता में भारत ए की ओर से खेलते हुए सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज़ दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के चैड बोव्स का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2024 में 103 गेंदों पर दोहरा शतक बनाया था। सूर्यवंशी ने यह कारनामा लगभग आधी गेंदों में कर दिखाया। इससे पहले उन्होंने केवल 28 गेंदों में अपना शतक पूरा करके लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक भी अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों में शतक अब दूसरे स्थान पर खिसक गया। सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का विस्फोट यहीं नहीं रुका। उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन पूरे किए और एक ही पारी में 28 छक्के लगाकर लिस्ट ए क्रिकेट का नया मानदंड स्थापित कर दिया।
जरा कल्पना कीजिए, सामने 250 रनों का लक्ष्य है और एक बल्लेबाज अकेले ही गेंदबाजों के तमाम गणित बिगाड़ रहा है। गेंदबाज अपनी रणनीति बदल रहे हैं, क्षेत्ररक्षक अपनी जगहें बदल रहे हैं और दर्शक हर अगली गेंद पर किसी नए चमत्कार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूर्यवंशी के बल्ले से निकलता हर छक्का मानो इस बात की घोषणा कर रहा था कि क्रिकेट में उम्र प्रतिभा की सीमा तय नहीं करती। भारत ए ने यह मुकाबला सात विकेट से जीत लिया और सूर्यवंशी की पारी इस जीत का सबसे चमकदार अध्याय बन गई।
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी का यह विस्फोट अचानक आसमान से नहीं टपका है। बिहार के समस्तीपुर से निकले इस किशोर ने बहुत कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 35 गेंदों में शतक जमाकर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का परिचय दिया था। आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर उन्होंने अपनी निरंतरता और आक्रामकता का भी प्रमाण दिया। इसी प्रतियोगिता में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान मिला। वर्ष 2026 के अंडर-19 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की पारी ने उनकी प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिलाई। इसके बाद भारतीय सीनियर टी-20 अंतर्राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना उनकी तेजी से आगे बढ़ती क्रिकेट यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।
सूर्यवंशी की कहानी इसलिए भी उल्लेखनीय है कि यह भारतीय क्रिकेट में बदलते अवसरों और प्रतिभा की पहचान करने वाली व्यवस्था की ओर हमारा ध्यान खींचती है। कभी भारतीय क्रिकेट में अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाने के लिए लंबा घरेलू अनुभव और वर्षों का इंतजार लगभग अनिवार्य माना जाता था। आज परिस्थितियां बदल रही हैं। अंडर-19 क्रिकेट, घरेलू प्रतियोगिताएं, आईपीएल और भारत ए जैसे मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर दे रहे हैं। छोटे शहरों और कस्बों से निकलने वाले खिलाड़ियों के लिए भी क्रिकेट के शिखर तक पहुंचने की संभावनाएं पहले से अधिक व्यापक हुई हैं। सूर्यवंशी इसी बदलते भारतीय क्रिकेट की एक चमकदार मिसाल हैं। हालांकि, उनकी इस ऐतिहासिक पारी को लेकर एक तथ्यात्मक अंतर समझना भी ज़रूरी है। यह सीनियर पुरुष एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि लिस्ट ए क्रिकेट का विश्व रिकॉर्ड है। भारत ए की ओर से खेला गया यह मुकाबला आधिकारिक सीनियर एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की श्रेणी में नहीं आता। लेकिन इससे उपलब्धि की ऐतिहासिक महत्ता कम नहीं होती। लिस्ट ए क्रिकेट में दुनिया का सबसे तेज दोहरा शतक और सबसे तेज शतक अपने नाम करना अपने आप में असाधारण उपलब्धि है।
सूर्यवंशी की सफलता भारतीय क्रिकेट के सामने एक नई ज़िम्मेदारी भी रखती है। इतनी कम उम्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी प्रतिभा को लंबे समय तक बरकरार रखना है। रिकॉर्ड और लोकप्रियता रातोंरात मिल सकते हैं, लेकिन महान खिलाड़ी बनने के लिए अनुशासन, तकनीकी परिपक्वता, मानसिक मजबूती और निरंतर अभ्यास की ज़रूरत होती है। भारतीय क्रिकेट प्रशासन, प्रशिक्षकों और चयनकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि असाधारण प्रतिभा पर अपेक्षाओं का असाधारण बोझ न लाद दिया जाए। मीडिया और प्रशंसकों को भी किसी किशोर को हर मैच में रिकॉर्ड बनाने की मशीन समझने से बचना होगा। उसे सीखने, असफल होने और फिर मजबूती से लौटने का अवसर मिलना चाहिए।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि आधुनिक क्रिकेट का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। टी-20 क्रिकेट ने बल्लेबाजों को जोखिम लेने, गेंदबाजों को नए प्रयोग करने और दर्शकों को खेल के नए रोमांच से परिचित कराया है। अब यही आक्रामकता एकदिवसीय क्रिकेट में भी दिखाई देने लगी है। सूर्यवंशी की पारी इस बदलाव का अत्यंत दिलचस्प उदाहरण है। हालांकि क्रिकेट केवल छक्कों और चैकों का खेल नहीं है, लेकिन खेल की बदलती मांगों के अनुरूप अपनी बल्लेबाजी को ढालना किसी भी महान खिलाड़ी की पहचान होती है।
सूर्यवंशी के बल्ले से निकले 28 छक्के आज भले ही क्रिकेट की दुनिया में सबसे अधिक चर्चा का विषय हों, लेकिन उनके पीछे छिपी कहानी कहीं अधिक बड़ी है। यह कहानी है सपने देखने की, सीमाओं को चुनौती देने की, छोटी उम्र में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की और अवसर मिलने पर अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने की। यह उस भारत की कहानी भी है, जहां प्रतिभा अब केवल महानगरों की क्रिकेट अकादमियों तक सीमित नहीं रहना चाहती।आसमान में चमकने वाले सूर्य का काम केवल रोशनी बिखेरना नहीं बल्कि अंधेरे को पीछे छोड़ने की प्रेरणा देना भी है। वैभव सूर्यवंशी के नाम में छिपा सूर्य और उनके खेल में दिखाई देता वैभव आज भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर सामने आया है। अभी उनके सामने लंबा रास्ता है, अनेक परीक्षाएं हैं और कई चुनौतियां भी। लेकिन दोहा की इस ऐतिहासिक पारी ने इतना तो साबित कर ही दिया है कि भारतीय क्रिकेट के क्षितिज पर एक नई रोशनी उभर रही है। अब देखना यह है कि यह चमचमाता सूर्य आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को कितनी ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#आसमान में चमकता सूर्य है वैभव सूर्यवंशी