अतिथि और परिस्थिति
आज एक मेहमान हमारे यहां आए। एक तो शहर का कमरा छोटा। उस पर अगर संयुक्त परिवार हो तो परेशानी और भी बहुत बढ़ जाती है। कहां अपना सामान टिकाएं। कहां मेहमान बिठाएं। पता ही नहीं चलता। खैर शहर में छोटे-छोटे घरों में ईंच-ईंच जगह का इस्तेमाल लोग करते हैं। किसी तरह अपने और बाल-बच्चों को ठूँस ठास के रखते हैं। संयुक्त परिवार हो तो कोढ़ में खाज। और अगर दिन खराब हो तो मेहमानों का गाज। मेहमान एक हो तो काम चल जाता है।
मेहमानों को पहले अतिथि देवो भव: कहा जाता था। अब अतिथि दे दो भव: होता है। घर में मेहमान हो तो सारा अटेंशन मेहमान को ही देना पड़ता है। मेहमानों के आने पर कोई तौलिए के लिए भागा। तो कोई नहाने का पानी ढ़ालने। कोई टूथ ब्रश और पेस्ट लेकर उनके पीछे भागा। चार मेहमान हो तो चार तरह की फरमाईशें होती हैं। कोई कॉलगेट यूज नहीं करता है। किसी को कोई चाहिए तो किसी को कोई। ड्राईंगरूम में मेहमानों के आने पर पंखे का मुंह मोड़ा गया। जिधर मेहमान थे उधर हवा को छोड़ा गया। अतिथि आएं हैं तो नाश्ता-पानी का इंतजाम भी होना चाहिए। अतिथियों के लिए बाजार दौड़ा।
लेकिन जब बाजार दौड़ा तो पता चला अतिथियों के आने से घर का बजट हिल जाता है। मिठाई पंद्रह रूपये से से नीचे नहीं था। समोसा भी बारह-तेरह का एक आ रहा था। दस-पीस मिठाई और दस-पीस समोसे में ही पांच सौ निकल गए। यही नहीं ये तो ट्रेलर था। अभी नमकीन का पैकेट भी लेना था। इस तरह दूसरे गांधी जी के भी खुल्ले हो गए। अगली दुकान से ठंड़ा भी लेना था।
अभी घर पहुंचा ही था कि श्रीमती जी ने किनारे ले जाकर दबोचा। क्या नाश्ता ही लाए हो। अभी चार लोगों के लिए रात का खाना भी बनाना है। जाओ जाकर रिफाईन के दो पैकेट ले आओ। रिफाईन के लिए चार सौ चाहिए था। अभी दुकान पहुँचा ही था कि पत्नी की फरमाईश फोन पर सुनी। केवल रिफाईन ही नहीं मैदा भी लाना है।
इस तरह पहले दिन अभी आधा ही पार हुआ था। मेहमान नाश्ता करके घर में आराम फरमा रहे थे। इधर घर के लोगों को नाश्ता भी नसीब नहीं था। दोपहर के बाद का खाना भी बनना था। पूरी, सब्जी और लस्सी की तैयारी में श्रीमती जुट गईं। अब शाम होने लगी थी।
तभी लाईन को भी जाना था। मेहमान की खातिरदारी में लोग बिछे बिछे जाते थे। घर से मेहमान को शाम को छत पर ले जाया गया।
रात में सोने के लिए छत पर मुसहरी लगाया गया। सुबह हुआ तो सोचा ये मुसीबत टलेगी लेकिन मेहमान परेशान करने के लिए ही आए थे। सप्ताह भर रहने का प्रोगाम था। सुबह भी अगले दिन जैसा झमेला था। मेरे आसपास मेहमानों का तबेला था। चाय नाश्ते का प्रबंध भी तो करना था।
श्रीमती ने फिर से बाज़ार दौड़ाया। दौड़ाते हुए बताया। कल जो मिठाई लाए थे। वो मत लाना। एक ही मिठाई खाकर लोग बोर हो जाते हैं। कल रसगुल्ला लाया था। आज रसमलाई लाना। मत दो रसमलाई की दुहाई। कभी कमाई सीमित है। मेहमानों को रोज अलग-अलग नाश्ता नहीं करवाना चाहिए। अगर लंबा टिक गए तो खटिया खड़ी कर देंगे।
अभी रसमलाई लेकर लौटा ही था कि एक नया फरमान जारी हुआ। मेहमान की खातिरदारी केवल रूखे-सूखे से करोगे। या कुछ मांस-मच्छी का इंतजाम करोगे। अच्छा ठीक है अभी मच्छी लेकर आता हूं। मेहमान था घाघ सुन लिया। बोला मच्छी तो रोज अपने घर खाता हूं। कुछ खस्सी-वस्सी का प्रबंध कीजिये। खस्सी तो बाद में कटता। लेकिन फिर से आज अपनी जेब कटनी थी। मेहमान खस्सी खाकर बेहाल पड़ा था। मेहमान की अच्छी कट रही थी। और अपनी बहुत मुश्किल से कट रही था!
-मेघदूत मार्केंट फुसरो
बोकारो झारखंड, पिन 829144
मो. 9031991875

