आओ गुब्बारा कार बनाएं
बच्चो! आज मैं आपको फिजिक्स का एक सरल प्रयोग करना सिखाने वाली हूं, जो न्यूटन के गति के तीसरे नियम और ऊर्जा रूपान्तरण के सिद्धांत पर आधारित है। न्यूटन का तीसरा नियम तो आपको मालूम ही है कि प्रत्येक क्रिया के बराबर विपरीत प्रतिक्रिया होती है। आज हम गुब्बारा कार प्रयोग से इन बातों को समझेंगे और देखेंगे कि जब गुब्बारे से हवा पीछे की ओर बाहर निकलती है, तो वह कार को आगे की दिशा में धकेलती है। कार को बनाने के लिए घर पर आसानी से मिलने वाली बेकार चीज़ों का उपयोग किया जा सकता है। जैसे-
* कार का ढांचा या चेसिस बनाने के लिए एक खाली प्लास्टिक की पानी की बोतल या गत्ता (कार्डबोर्ड) का टुकड़ा।
* पहियों के लिए 4 एक जैसे प्लास्टिक की बोतल के ढक्कन।
* धुरी यानी एक्सेल व पाइप के लिए 2 लकड़ी की सींकें और 3 प्लास्टिक या कागज़ के स्ट्रॉ।
* इंजन के लिए 1 मज़बूत गुब्बारा और रबर बैंड या टेप।
इनके अतिरिक्त कैंची और चिपकाने वाला टेप आदि चाहिए होगा। इन सब चीजों के बाद आइये अब इस मॉडल को इस तरह तैयार करें।
1. धुरी के लिए स्ट्रॉ लगाएं- दो स्ट्रॉ को बोतल या गत्ते की चौड़ाई के बराबर काटें। इन्हें कार के निचले हिस्से में आगे और पीछे की ओर समानांतर रखकर टेप से मज़बूती से चिपका दें।
2. पहिये जोड़ें- चारों बोतल के ढक्कनों के ठीक बीच में एक छोटा छेद करें (इसमें किसी बड़े की मदद लें)। अब एक लकड़ी की सींक को एक ढक्कन में फंसाएं, फिर उसे सर्व के आर-पार निकले और दूसरे सिरे पर दूसरा ढक्कन लगा दें। यही प्रक्रिया दूसरे स्ट्रॉ के साथ दोहराएं।
3. गुब्बारे का नोज़ल तैयार करें- तीसरे स्ट्रॉ के एक सिरे को गुब्बारे के मुंह के अंदर डालें। इसे टेप या रबर बैंड से कसकर बांध दें ताकि हवा बिल्कुल भी लीक न हो।
4. गुब्बारे को कार पर फिट करें- कार के ऊपरी हिस्से पर इस स्ट्रॉ को टेप की मदद से चिपका दें। ध्यान रखें कि स्ट्रॉ का खुला सिरा कार के पिछले हिस्से से थोड़ा बाहर निकला रहे और गुब्बारा कार के ऊपर टिका रहे।
5. परीक्षण करें- स्ट्रॉ के खुले सिरे से फूंक मारकर गुब्बारे में हवा भरें। स्ट्रॉ के सिरे को उंगली से दबाकर रखें, कार को चिकनी सतह पर रखें और उंगली हटा लें।
जैसे ही आप उंगली हटाएंगे, वैसे ही होगा यह कि गुब्बारे से तेज़ी से पीछे की ओर निकलने वाली हवा एक क्रिया (एक्शन) बल लगाती है। इसके जवाब में हवा कार पर आगे की ओर प्रतिक्रिया (रिएक्शन) बल लगाती है, जिससे कार आगे बढ़ती है। जब आप गुब्बारे में हवा भरते हैं, तो उसकी खिंची हुई रबर और भरी हुई हवा में स्थितिज ऊर्जा (पोटेंशियल एनर्जी) जमा हो जाती है। गुब्बारा छोड़ते ही यह गतिज ऊर्जा (काइनेटिक एनर्जी) में बदल जाती है। चिकनी सतह और सीधे लगे हुए पहिये घर्षण (फ्रिक्शन) को कम करते हैं, जिससे कार अधिक दूरी तय कर पाती है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर




