राजनीति और परिवारवाद

प्रदेश के चुनाव परिदृश्य में बहुत हलचल दिखाई देती है। भिन्न-भिन्न राजनीतिक पार्टियों के बड़े नेताओं और उभर रहे छिटपुट नेताओं के भीतर भी लालसा की भावना छलकती दिखाई दे रही है। प्रत्येक हर हाल में सत्ता की सीढ़ियों के शिखर पर पहुंचने के इच्छुक दिखाई देता है। प्रत्येक पार्टी अपनी-अपनी समर्था से बाहर जाकर मतदाताओं पर अपना प्रभाव बनाने की जल्दबाज़ी में है। अढ़ाई दशकों से ये पार्टियां अपने चुनाव घोषणा-पत्रों में लोक-लुभावन वायदे करती आ रही हैं। इन सभी पार्टियों ने समय-समय पर वोट हासिल करके मतदाताओं को कई तरह की वित्तीय सुविधाएं देने की भी घोषणएं की हैं तथा ऐसी नीतियां लागू भी की हैं।
किसी भी पार्टी ने विगत अवधि में गम्भीरता से यह नहीं सोचा कि मुफ्त की योजनाओं को आधार बना कर किये गये ऐसे वायदे पूरे करने के लिए पैसे कहां से और कैसे आएंगे। बजट के घाटे को कैसे पूरा करना है। इसके लिए कोई गम्भीर योजनाबंदी नेता और उनके सलाहकार कर पाने में असमर्थ रहे हैं। उनका और उनके प्रशासन का ध्यान प्रदेश की सम्पत्तियों को धड़ाधड़ बेचने या ऋण लेने की ओर अधिक रहा है। यह सबसे बड़ा कारण है कि आज पंजाब ऋण के बोझ के नीचे पूरी तरह दब चुका है। आतंकवाद के दौर के बाद पंजाब सिर्फ 8 हज़ार करोड़ का ऋणी था, जो आज बढ़ कर लगभग पौने पांच लाख करोड़ हो गया है। प्रदेश की आय का बड़ा हिस्सा इस ऋण का ब्याज उतराने पर ही खर्च हो जाता है।
आज प्रदेश देश भर में पिछली पंक्ति में खड़ा दिखाई दे रहा है। इसकी आर्थिकता लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रही है। इस हालत से कुछ सबक तो क्या सीखना था, अपितु इसकी बजाये कुर्सी की प्राप्ति के लिए राजनीति का खेल ही जारी रही है। प्रत्येक इस क्षेत्र में तेज़ दौड़ना चाहता है, परन्तु प्रदेश आर्थिक रूप से बेहद कमज़ोर हो चुका है। इसकी चिंता किसी राजनीतिज्ञ अथवा राजनीतिक पार्टियों को नहीं है, अपितु उनमें एक उतावलापन दिखाई देता है, जो अपने परिवार तक ही सीमित होकर रह गया है। जैसे विगत लम्बी अवधि से राजनीति में परिवारवाद भारी हो चुका है। उसने राजनीति को जन-पक्षीय नहीं अपितु अपने परिवारों तक सीमित कर दिया है। यह राजनीतिक बीमारी पहले अकालियों  और कांग्रेस को लगी थी। अब यह अन्य पार्टियों के बड़े राजनीतिक नेताओं तक भी फैल चुकी है।
अब चुनाव सिर पर हैं और ज्यादातर नेता अपने साथ अपने बच्चों को भी हर हाल में टिकटें दिलाने के लिए उत्सुक हो रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि इन नेताओं ने राजनीति को अपनी विरासत या जागीर ही समझ लिया है। इसीलिए आज इन पार्टियों में समर्पित कार्यकर्ताओं की कमी महसूस हो रही है। यदि आज इन पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं की परिवारवाद की सूची बनाई जाए तो यह बेहद आश्चर्यजनक और लम्बी बन जाएगी, जिससे यह अहसास और आभास होना भी स्वाभाविक है कि आज की राजनीति परिवारवाद और अवसरवादी तक ही सीमित होकर रह गई है। पैदा हुए ऐसे हालात ने आम व्यक्ति को  हैरान और परेशान किया है और यह भी सवाल पैदा किए हैं कि ऐसी मानसिकता वाले राजनीतिज्ञों से प्रदेश की बेहतरी के लिए कितनी उम्मीद की जा सकती है, परन्तु राजनीति का ऐसा खेल लगातार जारी है।


—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#राजनीति और परिवारवाद