शेख हसीना की वापसी

वर्ष 2014 में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एन.डी.ए.) की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘पड़ोसी पहले’ की नीति अपनाई थी। इसीलिए उस समय पहले शपथ ग्रहण समारोह में अन्य पड़ोसी राज्यों के साथ-साथ पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज़ शऱीफ को भी दिल्ली आने का निमंत्रण दिया गया था। वहां कई तरह की जटिलताओं के बावजूद भी नवाज़ शऱीफ इस अवसर पर दिल्ली आए थे। बाद में प्रधानमंत्री मोदी के अचानक लाहौर दौरे ने भी सभी को आश्चर्यचकित किया था, परन्तु ऐसे राजनीतिक स्तर पर किए गए यत्नों के बावजूद भी वहां की सेना की निर्धारित नीति के कारण भारत के साथ पाकिस्तान के संबंध नहीं सुधरे, अपितु दिन-प्रतिदिन बिगड़ते ही गए हैं। पिछले 14 वर्षों में भारत की दक्षिण एशिया के अपने पड़ोसी देशों के प्रति नीति ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं।
नेपाल में होते रहे राजनीतिक बदलाव का भी भारत के साथ उसके संबंधों पर प्रभाव पड़ता रहा परन्तु विगत दिवस नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा और उससे पहले नेपाल में आई भयानक बाढ़ से हुए विनाश के समय भारत के बड़े पड़ोसी के तौर पर मददगार के रूप में वहां पहुंचने से दोनों देशों के संबंधों में निकटता आई थी। भारत की ओर से नेपाल में शुरू किए गए कई प्रोजैक्टों में भी तेज़ी लाई गई है और उसके पुनर्निर्माण में भी बड़ी आर्थिक सहायता दी गई है। इसी तरह श्रीलंका में भी आर्थिक और राजनीतिक संकट बना रहा है। भारत सरकार उस समय भी वहां बड़ी सहायक बन कर आगे आई थी और इस कारण वहां की नव-निर्वाचित सरकार ने भारत की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। हिन्द-महासागर में छोटे देश मालदीव, जिसमें राजनीतिक बदलाव के बाद चीन के प्रभाव वाली मोहम्मद मोइज़ू की सरकार बनी थी, परन्तु बड़ी हिचकिचाहट के बाद अब मालदीव को भी यह अहसास हो गया है कि पहले की तरह ही भारत उसका स्थायी मित्र सिद्ध हुआ है। 
बांग्लादेश में शेख हसीना ने लम्बी अवधि तक शासन किया। उस समय जहां दोनों देशों में कुछ शेष मामलों को हल करने का यत्न किया गया, वहीं हसीना ने हमेशा भारत का पक्ष लिया और भारत ने वहां के मूलभूत ढांचे की कई योजनाओं में अपनी भागीदारी डाली, परन्तु अगस्त 2024 में हालात उस समय एकाएक बदल गए, जब शेख हसीना की चुनी हुई सरकार को विद्यार्थी आन्दोलन भड़कने के कारण सत्ता से बाहर होना पड़ा और हसीना को 5 अगस्त, 2024 को भारत में शरण लेनी पड़ी। उसके बाद वहां बनी मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार ने कुछ मूलवादी पार्टियों के प्रभाव में भारत के प्रति नफरत वाला रवैया धारण किया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक विशेष रूप से हिन्दू समुदाय को निशाना बनाया जाने लगा, जिस कारण भारत के साथ उसके संबंध और भी बिगड़ गए। वहां हुए चुनाव के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व में बनी सरकार ने भी ऐसा रवैया ही जारी रखा। शेख हसीना की आवामी पार्टी पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया और उन पर चुनावों में भाग लेने पर रोक लगा दी गई। वहां हसीना की अनुपस्थिति में मामला चला और उन्हें मौत तक की सज़ा सुना दी गई और भारत पर उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने के लिए लगातार दबाव डाला जाता रहा। इसी को आधार बना कर तारिक रहमान ने दो बार भारत की यात्रा भी स्थगित कर दी थी। इसी दौरान विगत 5 अगस्त को शेख हसीना ने दो वर्ष के प्रवास के बाद दिसम्बर महीने में बांग्लादेश लौटने की घोषणा कर दी थी।
अब उसने 16 दिसम्बर को बांग्लादेश की स्वतंत्रता वाले दिन वहां जाने की घोषणा कर दी है। 16 दिसम्बर, 1971 को पाकिस्तान से छुटकारा पाकर बड़े खूनी संघर्ष के बाद बांग्लादेश आज़ाद हुआ था। हसीना के इस फैसले से एक बार फिर दोनों देशों के संबंधों में तनाव पैदा होने की सम्भावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं। हसीना फिलहाल अपने देश वापस लौट सकेंगी या नहीं, इस संबंध में तो अभी कुछ नहीं कहा जा सकता परन्तु इस समय में चीन और पाकिस्तान को बांग्लादेश द्वारा अपनी-अपनी भड़ास निकालने का अवसर ज़रूर मिल जाएगा। ऐसी स्थिति भारत के लिए रक्षात्मक और कठिन बनी दिखाई देती है।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#शेख हसीना की वापसी