अकाली दल तथा भाजपा के बीच समझौते के कारण क्या रहे ?

रस्म-ओ-रिवाज़ छोड़ के सब आ गए यहां,
रखी हुई हैं ताक में अब गैरतें तमाम।
अदील ज़ैदी का यह शेअर वैसे तो समूचे भारत की राजनीति पर चरितार्थ होता है, परन्तु इस समय पंजाब की राजनीति के यह कुछ ज़्यादा ही समयानुकूल प्रतीत होता है क्योंकि इस समय राजनीतिक दलों में समझौते एवं नेताओं की दलबदली का ऐसा दौर चल है कि किसी को किसी रस्म-ओ-रिवाज़, ़गैरत या विचारधारा की कोई परवाह नहीं। वास्तव में सभी राजनीतिक दलों का सिर्फ और सिर्फ एक ही लक्ष्य है कि जीत हासिल करनी है जैसे-कैसे मज़र्ी प्राप्त हो। किसी सिद्धांत, किसी अपने पुराने बयान, किसी मुद्दे की कोई कीमत ही नहीं रही, परन्तु इसके बावजूद एक बात अवश्य स्पष्ट है कि चाहे भाजपा भी समझौते करते समय किसी लोक-लाज की परवाह नहीं करती, परन्तु वह अपने लक्ष्यों की राजनीति से पीछे नहीं हटती। वह अपने लम्बे समय के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अल्पकालीन समझौते करने के लिए किसी भी स्तर पर चली जाती है। इन कालमों में कई बार स्पष्ट लिखा गया है कि भाजपा पंजाब में कांग्रेस की जीत किसी कीमत पर सहन करने के लिए तैयार नहीं है। जैसे ही उसे दिखाई देगा कि कांग्रेस की जीत के आसार बन रहे हैं, वह अकाली दल से समझौता करेगी, क्योंकि भाजपा के आंतरिक सर्वेक्षणों में यह स्पष्ट दिखाई दे रहा था कि शहरी हिन्दू वोट मज़बूत भाजपा को वोट देने हेतु तो तैयार है, परन्तु भाजपा के कमज़ोर उम्मीदवारों की स्थिति में वह कांगे्रस की ओर खिसक सकता है। देश में अभी आम आदमी पार्टी भाजपा के लिए चुनौती नहीं है, परन्तु कांग्रेस है। कम मज़बूत ‘आप’ गुजरात जैसे राज्यों में भाजपा विरोधी वोट कांग्रेस के साथ बांटने के समर्थ है और यह भाजपा के पक्ष में है। अत: मेरी समझ में भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने के बयानों के बावजूद अकाली दल के साथ छोटे भाई के रूप में समझौता करने के कारणों में यह एक प्रमुख कारण है। अब अकाली-भाजपा समझौते से त्रिकोणीय या चार कोणीय मुकाबले में भाजपा-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार कमज़ोर नहीं दिखाई देंगे तो शहरी हिन्दू वोट भाजपा और कांग्रेस में बंट जाएगा। ़खैर, इस समझौते ने भाजपा तथा अकाली दल दोनों को मज़बूत किया है और इसका स्पष्ट प्रभाव भी दिखाई देने लगा है। कांग्रेस को वामपंथी दलों से समझौते की याद आ गई है और अकाली दल वारिस पंजाब दे भी अकाली दल पुनर्सुरजीत, अकाली दल मान, बसपा तथा अन्य पंथक दलों से महागठबंधन के प्रयास में लगा है। हालांकि बसपा के प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी ने कहा है कि बातचीत बेशक चलती रहती है, परन्तु अंतिम फैसला बसपा हाईकमान ही करेगी। यदि यह समझौता सफल हुआ तो पंजाब में बहुत-से स्थानों पर चार कोणीय मुकाबले दिखाई देंगे। कुछ भी हो, पंजाब के राजनीतिक दल तथा राजनीतिक नेता प्रत्येक सिद्धांत, मुद्दे, मांग को एक तरफ रख तक अपनी-अपनी मसलहत के अनुसार समझौते करते जा रहे हैं।
क्या मसलहत-शनास था वो आदमी ‘कतील’,
मजबूरियों का जिसने नाम व़फा रख दिया।
—कतीन शिफाई
अकाली-भाजपा गठबंधन, पर्दे के पीछे की कहानी
नि:संदेह अकाली-भाजपा गठबंधन के पीछे बड़ा कारणों में एक तो कांग्रेस को हराने की इच्छा है, परन्तु जब भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा अकाली दल के प्रमुख नेता भी लगातार एक-दूसरे पर तीव्र वार करते आ रहे थे तो दोनों ही सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के दमगजे ही नहीं मार रहे थे, अपितु तैयारियों में भी लगे हुए थे तो फिर इस समझौते पर पहुंचने के लिए पर्दे के पीछे क्या कुछ घटित हुआ, यह जानना सचमुच दिलचस्प है। भाजपा के भीतरी सर्वेक्षणों में यह स्पष्ट प्रभाव था कि अकेले-अकेले चुनाव लड़ कर भाजपा तथा अकाली दल सत्ता की लड़ाई में शामिल नहीं हो सकते, जबकि यदि दोनों दलों का गठबंधन हो जाता है तो वे लगभग 37 प्रतिशत वोट लेने में समर्थ हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि चार कोणीय मुकाबलों में 37 प्रतिशत वोट तो बहुत बड़ा वोट है। यह भी चर्चा है कि गृह मंत्री अमित शाह अकाली दल से समझौते के खिलाफ थे और उनके साथ आरएसएस तथा भाजपा में काम करते कुछ वरिष्ठ नेता भी सहमत थे, परन्तु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा सुखबीर सिंह बादल की अगस्त 2026 की मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने इस समझौते में निजी रुचि दिखाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश भी दिए और अपने विश्वसनीय साथी सी.आर. पटेल को पंजाब भेजा, जिनकी रिपोर्ट तथा सर्वेक्षणों के नतीजों ने अकाली दल के साथ समझौते का मार्ग प्रशस्त कर दिया। यहां उल्लेखनीय है कि चाहे सुखबीर सिंह बादल समझौता करना चाहते थे, परन्तु वह इस स्टैंड पर लगातार अडिग रहे कि अकाली दल अधिक सीटों पर भी लड़ेगा और मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी अकाली दल का (अर्थात् स्वयं सुखबीर सिंह बादल) ही होगा। हमारी जानकारी के अनुसार अब भाजपा को लगभग 45 सीटों पर ही सब्र करना पड़ेगा। यह पहली बार है कि समझौते की घोषणा करते समय भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सुखबीर सिंह बादल का सम्मान भी बिल्कुल उसी तरह किया जैसे वह प्रकाश सिंह बादल का किया करते थे। चाहे अधिकतर विश्लेषक इस विचार के हैं कि इस समझौते का अधिक लाभ भाजपा को होगा, परन्तु मेरी समझ इसके विपरीत है और मुझे प्रतीत होता है कि अधिक लाभ अकाली दल को होगा। परिणाम क्या निकलते हैं, यह तो समय ही बताएगा, परन्तु भाजपा के आंतरिक सर्वेक्षण इस गठबंधन को 50 से 60 सीटों पर मज़बूत दिखा रहे हैं जबकि अकेले-अकेले दोनों दल 10-10 सीटों पर भी मज़बूत नहीं दिखाई देते। अत: यह स्पष्ट है कि यह समझौता दोनों पक्षों की मजबूरी में से निकला है और टूटे हुए रिश्तों को पुन: जोड़ने में सफल हुआ है।
इश्क के टूटे हुए रिश्तों का मातम क्या करें,
ज़िन्दगी आ तुझ से फिर इक बार समझौता करें।
—अ़ख्तर सैय्यद खान
पर्दे के पीछे सितारा
किसी समय सुखबीर सिंह बादल के राजनीतिक सलाहकार रहे तथा पर्दे के पीछे की राजनीति चलाने में सफल खिलाड़ी परमजीत सिंह सिधवां कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हमारी जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले उनकी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ मुलाकात हुई थी और अकाली दल में वापसी की बातचीत चल रही थी परन्तु अचानक उनका कांग्रेस में शामिल होना अश्चर्यजनक है। पता चला है कि उन्हें कांग्रेस में शामिल करवाने में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह के निजी यत्नों का बड़ा हाथ है और वह पंजाब कांग्रेस के राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सिधवां राजनीति में पर्दे पर कम और पर्दे के पीछे अधिक काम करते रहे हैं। वह हरकिशन सिंह सुरजीत, उजागर सिंह सेखवां तथा लोक भलाई पार्टी के महासचिव के रूप में बलवंत सिंह रामूवालिया के साथ भी काफी समय काम करते रहे हैं। अब देखना होगा कि वह कांग्रेस में अपनी नई पारी कैसे खेलते हैं, परन्तु एक बात स्पष्ट है कि वह अपने घरेलू मैदान में अकाली दल वारिस पंजाब दे के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह इयाली के खिलाफ कांग्रेसी उम्मीदवार के लिए काफी काम करेंगे।
कनाडा में सिखों के खिलाफ झूठा प्रचार
वर्ल्ड सिख आर्गेनाइज़ेशन ने हाल ही में एक दस्तावेज़ जारी करके कहा है कि सिखों के खिलाफ सोशल मीडिया पर झूठे प्रचार का एक संगठित अभियान चल रहा है। सिख समुदाय को कनाडा तथा विश्व भर में बदनाम करने तथा आपस में लड़ाने का यत्न हो रहा है। वर्ल्ड सिख आर्गेनाइज़ेशन ने कनाडा सरकार को इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए भी कहा है। रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि नकली सोशल मीडिया खातों एवं कम्प्यूटर बाहट्स के ज़रिये यह अभियान चलाया जा रहा है। कई नकली खाते तो सिख नाम वाले होने की बात भी कही गई है। हालत यह है कि इस झूठे प्रचार का शिकार कैनेडियन अधिकारी भी हो सकते हैं। जैसे कनाडा में नफरत रोकने वाले कानून सी-9 के तहत झूठा प्रचार किया गया कि सिखों पर निशान साहिब नगर कीर्तन में लहराने पर पाबंदी लगाई गई है। परिणामस्वरूप ऐसी पाबंदी न होने के बावजूद एक पुलिस अधिकारी ने टोरंटो में नगर कीर्तन  में निशान साहिब लहराने से रोका। दस्तावेज़ों में आरोप है कि इस प्रचार अभियान के कारण ही सिखों की अलग पहचान से उन्हों नफरती विरोध की घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। अब जब अकाली-भाजपा समझौता हो गया है तो अकाली दल-को भारत सरकार को अपील करना चाहिए कि वह इस झूठे अभियान को रोकने हेतु कनाडा सरकार से बात करो। 
झूठ का बढ़ गया चलन इतना
आईनों पर भी आज तोहमत है।

—़खालिद अ़खलाक
-1044, गुरु नानक स्ट्रीट, समराला रोड, खन्ना
-मो. 92168-60000

#अकाली दल तथा भाजपा के बीच समझौते के कारण क्या रहे ?