पाकिस्तान को 10-12 प्रांतों में विभाजित करने का प्रस्ताव-जनाक्रोश हुआ तेज़
अनेक समस्याओं का सामना करता रहा पाकिस्तान अब एक और नई समस्या में घिरता दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान में इन दिनों में यह चर्चा ज़ोर-शोर से चल रही है कि देश, जिसकी इस समय जनसंख्या लगभग 26 करोड़ है, के 4 प्रांतों पंजाब, सिंध, बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा को 10 या 12 प्रांतों में विभाजित कर दिया जाए ताकि लोगों को बेहतर प्रशासन उपलब्ध किया जा सके। इसके समर्थकों का कहना है कि पाकिस्तान के चारों प्रांत क्षेत्रफल और जनसंख्या के पक्ष से इतने बड़े हैं, कि उन्हें एक राजधानी से नहीं चलाया जा सकता। अकेले पंजाब की जनसंख्या ही 13 करोड़ है। इस प्रस्ताव की शुरुआत पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई है।
थल सेना के प्रमुख आसिफ मुनीर जोकि भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद और अधिक शक्तिशाली होकर उभरे थे और उन्हें संवैधानिक संशोधन करके चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ (सी.ओ.ए.एस.) का दर्जा भी दे दिया गया था, इस समय लगभग तीनों ही सेनाओं के सुपर प्रमुख के रूप में विचरण कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन्होंने ही पाकिस्तान की मौजूदा गठबंधन सरकार, जिसमें मुस्लिम लीग नवाज़ शऱीफ, पीपल्ज़ पार्टी और कुछ अन्य छोटी पार्टियां शामिल हैं, के समक्ष यह प्रस्ताव रखा है कि पाकिस्तान को 10-12 प्रांतों में विभाजित किया जाए। चाहे यह प्रस्ताव पाकिस्तान के प्रशासन को बेहतर ढंग से चलाने और शक्तियों का विकेन्द्रीकरण करने के नाम पर लाया जा रहा है, परन्तु वास्तविक बात यह है कि पाकिस्तान की सेना जिसका पहले ही प्रशासन पर भारी दबदबा बना हुआ है, वह केन्द्र से लेकर प्रांतों तक अपनी प्रशासनिक पकड़ को और अधिक मज़बूत करना चाहती है, क्योंकि सेना को बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में हथियारबंद विरोध और सिंध में आपसी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। देश के भाषायी और नस्ली पहचान पर आधारित मौजूदा चार प्रांतों को वह अपने रास्ते की बड़ी रुकावट मानते हैं। इसी कारण ही उनकी ओर से इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस संबंध में योजना यह बनाई जा रही है कि पाकिस्तान में जनमत करवा कर इस संबंध में फैसला लिया जाए। चाहे इस प्रस्ताव का गृह मंत्री मोहसिन ऩकवी, रक्षा मंत्री ख्वाज़ा आस़िफ और योजना मंत्री अहसन इकबाल ने भी समर्थन किया है, परन्तु पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) और प्रधानमंत्री शहबाज़ शऱीफ जो इसी पार्टी से संबंधित हैं, द्वारा पारम्परिक रूप से अभी इस संबंध में सहमति प्रकट करना शेष है। दूसरी तरफ सिंध जो पाकिस्तान पीपल्ज़ पार्टी का गढ़ है, उसमें पाकिस्तान को भिन्न-भिन्न प्रांतों में विभाजित करने की योजना का तीव्र विरोध होना शुरू हो गया है।
विगत दिवस कराची में प्रैस कान्फ्रैंस करके बिलावल भुट्टो ज़रदारी जोकि पाकिस्तान पीपल्ज़ पार्टी के चेयरमैन हैं, द्वारा सिंध को 2 या 3 भागों में विभाजित करने का कड़ा विरोध किया गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि सिंध के लोग इस योजना को स्वीकार नहीं करेंगे और इससे हालात बिगड़ सकते हैं और खून-खराबा भी हो सकता है। दूसरी तरफ पाकिस्तान तहरीक-ए-इन्स़ाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान जो इस समय जेल में बंद हैं और मौजूदा सरकार के अनेक पहलुओं से दमन का सामना कर रहे हैं, द्वारा भी इस योजना का समर्थन किए जाने की सम्भावना नहीं है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इन्स़ाफ पार्टी का गढ़ खैबर पख्तूनख्वा है। विगत दिवस इमरान खान की पार्टी द्वारा खैबर पख्तूनख्वा से इस्लामाबाद की ओर किए गए मार्च का बहाना बना कर उनकी प्रदेश सरकार को भी संघीय सरकार द्वारा तोड़ दिया गया है। इस कारण उनकी ओर से मौजूदा संघीय सरकार की इस योजना को स्वीकार किए जाने की बहुत कम सम्भावना है। चाहे जेल में इमरान खान केवकीलों द्वारा उन्हें मनाने के यत्न किए गए हैं कि वह देश को भिन्न-भिन्न प्रांतों में विभाजित करने की योजना का समर्थन करें और इसके बदले में सरकार उनके साथ नरमी से पेश आ सकती है, परन्तु राजनीतिक सूत्रों के अनुसार इमरान खान ने सरकार के साथ किसी भी तरह का समझौता करने से इन्कार कर दिया है। वैसे भी यदि देश को भिन्न-भिन्न प्रदेशों में विभाजित करने के लिए जनमत संग्रह भी करवाना है, तो भी इस संबंध में प्रस्ताव पहले संसद से पारित करवाना पड़ेगा। यदि जनमत संग्रह का फैसला सरकार के पक्ष में है, तो उसके बाद भी भिन्न-भिन्न नए प्रांत बनाने के लिए संसद के दोनों सदनों ‘कौमी असैम्बली और सैनेट’ दोनों में दो तिहाई बहुमत की ज़रूरत होगी। इसी तरह चारों प्रदेशों की स्टेट असैम्बलियों में भी किसी ऐसे प्रस्ताव को पारित करवाने के लिए दो तिहाई बहुमत की ज़रूरत पड़ेगी। आगामी महत्त्वपूर्ण पहलू यह भी है कि पाकिस्तान के भिन्न-भिनन प्रांतों के लोगों द्वारा भी इस प्रस्ताव को अधिक समर्थन मिलने की सम्भावना नहीं है, क्योंकि पाकिस्तान के प्रदेश भिन्न-भिन्न भाषाओं और नस्लीय पहचान के आधार पर बने हुए हैं। ये प्रदेश महज़ प्रशासनिक इनकाइयां नहीं हैं। एक तरह से ये भिन्न-भिन्न कौमीयतों के गृह-प्रदेश हैं। सिंध में इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध होना शुरू भी हो गया है। भिन्न-भिन्न पक्षों ने मिल कर वहां फ्रंट बना लिया है, और उन्होंने वहां रैलियां और मार्च निकालने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि वे सिंध की एक इंच ज़मीन भी विभाजित नहीं होने देंगे।
नि:संदेह पाकिस्तान के चारों प्रांतों का गठन उनकी भाषायी और क्षेत्रीय पहचान के आधार पर हुआ है, और लोग अपनी इन पहचान पर गर्व भी महसूस करते हैं। यदि पाकिस्तान की सरकार को प्रशासनिक सुधारों के लिए नए प्रांतों के गठन की ज़रूरत महसूस होती है, तो उसे इस संबंध में आम सहमति बनानी पड़ेगी। पाकिस्तान की संघीय सरकार यदि सेना के दबाव में कोई ऐसा फैसला जबरन लागू करवाने का यत्न करती है, तो इससे हालात बिगड़ सकते हैं और पाकिस्तान जोकि पहले ही आतंकवाद, पाक-अधिकृत कश्मीर में अशांति और आर्थिक संकट का सामना कर रहा है, उसे और भी बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

