भारत-नेपाल दोस्ती
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। अपना पद सम्भालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। बालेन्द्र शाह पिछले लम्बे समय से भारत के साथ लगातार जुड़े रहे हैं और उनके यहां के लोगों के साथ भी भावुक संबंध बने रहे हैं। जहां तक नेपाल का संबंध है, इसके साथ भारत का पड़ोसियों वाला ही नहीं, बल्कि भाइयों वाला रिश्ता बना रहा है। आज लाखों ही नेपाली किसी न किसी रूप में भारत में रह रहे हैं। लाखों ही भारतीय नेपाल में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। ब्रिटिश शासन के समय से ही नेपाली गोरखे भारतीय सेना का अहम अंग माने जाते रहे हैं। 20वीं शताब्दी के मध्य से ही नेपाल ने बड़ी राजनीतिक अंगड़ाईयां ली हैं। यहां सैकड़ों वर्षों की राजाशाही को बहुत लम्बे संघर्ष के बाद खत्म कर दिया गया था। इस संघर्ष में वहां की कम्युनिस्ट पार्टियों ने भी अपना बड़ा योगदान डाला है।
राजाशाही के समय से ही नेपाल कांग्रेस वहां की राजनीति का अहम हिस्सा बनी रही है। उस समय भी अपनी सीमित शक्तियों के बावजूद इस पार्टी ने देश के राजनीतिक मंच पर बड़ी भूमिका निभाई थी। राजाशाही के खात्मे के बाद नेपाल कांग्रेस के साथ-साथ कम्युनिस्ट पार्टियां भी राजनीति के मैदान में उतरी थीं। यहां के संविधान को दोबारा लिख सकना और इसको पूरा करना बेहद जोखिम भरा काम था, जिसके लिए बहुत वर्ष लग गए, क्योंकि वहां की अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों द्वारा इस अमल में अपनी-अपनी प्रभावशाली भूमिका अदा की जाती रही थी। नये संविधान के अनुसार हुए चुनावों में चाहे कम्युनिस्ट पार्टियों को पूर्ण बहुमत तो प्राप्त नहीं हो सका, परन्तु वह आपसी विलय से समय-समय पर सरकारें बनाने में सफल ज़रूर हुई। उन्होंने अपने सिद्धांतों के अनुसार देश की राजनीति को नई दिशा देने का भी यत्न किया और इसके समूचे ढांचे के नवीनीकरण के लिए भी बड़े यत्न किए। भारत की तरह चीन भी नेपाल का पड़ोसी देश है। चाहे सदियों से नेपाल के भारत के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और अन्य प्रत्येक प्रकार के संबंध जुड़े रहे हैं, परन्तु नज़दीकी पड़ोसी होने के कारण नेपाल में अक्सर चीन का असर भी देखा जाता रहा है। विशेष रूप में कम्युनिस्टों के प्रभाव वाली सरकारों में चीन का किसी न किसी रूप में यहां हस्तक्षेप रहा है। उसने नेपाल को कई प्रकार की सहायता योजनाएं भी दीं। ऐसे समय में कुछ सीमांत मामलों को लेकर और चीन के बढ़ते प्रभाव के कारण भारत के साथ नेपाल के संबंधों में कटुता भी आती रही है, परन्तु ऐसी कटुता इसलिए अधिक समय जारी न रह सकी, क्योंकि इन दोनों देशों के संबंध प्रत्येक रूप में सदियों से बड़े गहरे बने रहे हैं।
बालेन्द्र शाह के सत्ता सम्भालने के बाद दोनों देशों की बीच पुन: निकटता बढ़ने की सम्भावना पैदा हुई है। अगस्त माह में नेपाल में भीषण बाढ़ आई थी, जिसने बहुत-से भागों में भारी तबाही मचाई थी, उस समय भारत ने नेपाल की प्रत्येक पक्ष से बड़ी सहायता की थी, जिससे दोनों देशों का आपसी माहौल भी बदला प्रतीत होने लगा। इस कारण अब बालेन्द्र शाह की संक्षिप्त यात्रा ने भी दोनों देशों के संबंधों को और मज़बूती दी है। बालेन्द्र शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत तथा नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मज़बूत हैं और महासागरों की तरह विशाल हैं। यह भी कि दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास का हमेशा एक मज़बूत आधार बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोनों देशों की साझ का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये दोनों सिर्फ पड़ोसी देश ही नहीं, अपितु इनका पारिवारिक संबंध रहा है। दोनों की खुशियां साझी हैं और भारत ने एक बड़े भाई की तरह हमेशा नेपाल के साथ खड़े होने को प्राथमिकता दी है। भारत ने ऊर्जा तथा खाद के क्षेत्र में भी नेपाल की अधिक से अधिक मदद करने का हमेशा इरादा दिखाया है।
इस दौरे के दौरान भी दोनों देशों ने 8 समझौते किए हैं, जिनमें शिक्षा, शहरी विकास, स्वास्थ्य आदि के महत्वपूर्ण क्षेत्र आते हैं। इसके अतिरिक्त भारत ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये (14,992.97 करोड़ भारतीय रुपये) के विकास एवं पुनर्निर्माण पैकेज की भी घोषणा की है। दोनों देशों में सदियों से धार्मिक एवं सामाजिक संबंध बने रहे हैं। इसे और भी गहरी रंगत देने के लिए सरयू-कमला एक्सप्रैस रेलगाड़ी चलाई जा रही है। यह माना जाता है कि अयोध्या में भगवान राम का जन्म हुआ और नेपाल के जनकपुर में सीता माता का जन्म हुआ था। चलने वाली इस नई साप्ताहिक रेलगाड़ी के ज़रिए दोनों देशों के इन धार्मिक स्थलों के साथ श्रद्धालुओं को जोड़ा जाएगा, जिससे दोनों देशों में संबंध और मज़बूत होंगे। ऐसे माहौल में भारत द्वारा बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए स्वयं आगे बढ़ कर नेपाल से संबंधित सीमांत मामलों को सुलझाने के यत्न करने चाहिएं, जोकि आपसी मित्रता एवं भ्रातृत्व भाव की गांठों को और भी मज़बूत करने में सहायक होंगे।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

