मानवता, समानता और सच के रहबर— श्री गुरु नानक देव जी

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश-पर्व पर विशेष

श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मानवता, सत्य, प्रेम, समानता, सेवा और आपसी भाईचारे के उस महान दर्शन का पावन स्मरण है, जिसने सदियों पहले समाज को नई दिशा दी और आज भी समूचे विश्व को मानवीय मूल्यों का मार्ग दिखा रहा है। श्री गुरु नानक देव जी ने उस दौर में संसार में अवतार धारण किया, जब समाज जाति-पांति, धार्मिक कट्टरता, अंधविश्वास, सामाजिक असमानता, कर्मकांड और मानवीय शोषण जैसी कुरीतियों में जकड़ा हुआ था। उन्होंने अपनी इलाही बाणी, विचारधारा और जीवन-पद्धति से मनुष्य को मनुष्य से जोड़ा और समाज को सत्य एवं न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ाया।
श्री गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 ईस्वी में राय भोइ दी तलवंडी, वर्तमान ननकाना साहिब (पाकिस्तान) में पिता मेहता कल्याण दास (मेहता कालू जी) और माता तृप्ता जी के घर हुआ। बाल्यकाल से ही उनमें आध्यात्मिक चिंतन, मानवता के प्रति अगाध प्रेम और सामाजिक कुरीतियों पर प्रश्न उठाने की विलक्षण क्षमता थी। उनकी बड़ी बहन बेबे नानकी जी ने सबसे पहले उनके इस आध्यात्मिक स्वरूप को पहचाना और उनके प्रति अगाध श्रद्धा व सत्कार प्रकट किया।
गुरु नानक देव जी ने अपना संपूर्ण जीवन मानवता को सत्य, नेकी और परमात्मा से जोड़ने के लिए समर्पित किया। उनकी विचारधारा के तीन बुनियादी सिद्धांत हैं— ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’। ये सिद्धांत मनुष्य को ईमानदारी से परिश्रम करने, परमात्मा के सिमरन में जीवन व्यतीत करने और अपनी नेक कमाई में से ज़रूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देते हैं। गुरु साहिब ने दो-टूक सिखाया कि धर्म बाह्य दिखावे या कोरे कर्मकांड तक सीमित नहीं है। निष्कपट श्रम, विनम्रता, दया और मानवता की नि:स्वार्थ सेवा ही सच्चा धर्म है। उनका दर्शन ‘इक ओंकार’ के मूल सिद्धांत पर आधारित है—संपूर्ण सृष्टि का सृजनहार एक है और समस्त मानवता उसी एक परमात्मा की संतान है। इसीलिए गुरु साहिब ने धर्म, जाति, वर्ण, नस्ल और भाषा के नाम पर इन्सानों में दीवारें खड़ी करने और भेदभाव का पुरज़ोर विरोध किया।
गुरु नानक देव जी ने अपनी चार ‘उदासियों’ (देशाटन) के दौरान भारत सहित सुदूर देशों और प्रमुख धार्मिक केंद्रों की यात्राएं कीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न धर्मों, सम्प्रदायों और मतों के विचारकों से सीधा संवाद रचाया व उन्हें सच्चे आचरण, मानवीय समानता और परमात्मा की सर्वव्यापकता का संदेश दिया। उन्होंने किसी धर्म या मत से द्वेष नहीं किया, बल्कि सभी को अपने धर्म के मूल मानवीय सिद्धांतों पर ईमानदारी से चलने की राह दिखाई।
गुरु नानक देव जी की बाणी का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पक्ष जुल्म, अन्याय और राजनीतिक दमन के विरुद्ध उनकी निर्भीक आवाज़ है। जब बाबर ने भारत पर आक्रमण किया और ऐमनाबाद सहित कई क्षेत्रों में भीषण तबाही, नरसंहार और लूटपाट हुई, तब गुरु साहिब ने सत्ता के अत्याचार के खिलाफ बेबाकी से 
आवाज़ बुलंद की। 
गुरु साहिब ने बाबर के हमले के समय मानवता पर टूटे कहर को बयां करते हुए फरमाया : ‘पाप की जंञ लै काबलहु धाइआ जोरी मंगै दानु वे लालो॥’ उन्होंने बाबर के आक्रमण को ‘पाप की बारात’ (पाप की जंञ) कहकर ज़ालिम हुकूमत के क्रूर चेहरे को बेनकाब किया। उन्होंने हमलावर की खुली भत्सना के साथ-साथ तत्कालीन शासकों की कायरता और लाचारी पर भी तीखे सवाल दागे। उनकी बाणी साक्षी है कि सच्चा धर्म जुल्म सहने या खामोश रहने में नहीं, बल्कि सत्य और न्याय के पक्ष में सीना तानकर खड़ा होने में है। मानवता की करुण पुकार को गुरु साहिब ने इन शब्दों में दर्ज किया : ‘एती मार पई करलाणे तै की दरदु न आइआ॥’ नारी-सम्मान और समानता के प्रति गुरु नानक देव जी की दृष्टि युगांतरकारी थी। उस युग में जब समाज स्त्री को दोयम दर्जे का मानता था, गुरु साहिब ने इस रूढ़िवादी सोच को ललकारते हुए नारी की महत्ता को स्वीकार कर फरमाया : ‘सो किउ मंदा आखीयै जितु जमहि राजान॥’ गुरु साहिब ने महिला को पूर्ण सामाजिक बराबरी, सम्मान और अधिकारों का हकदार माना। उनका यह पावन संदेश लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण का शाश्वत प्रेरणास्रोत है।
गुरु नानक देव जी ने जाति-पांति और छुआछूत के भेदभाव को भी मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनुष्य की महानता उसकी जाति, कुल या सामाजिक पद-प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि उसके सत्कर्मों और चरित्र से तय होती है। उनकी बाणी का पावन कथन है : ‘नीचा अंदरि नीच जाति नीचिहु अति नीचु॥ नानकु तिन कै संगि साथि वडिआ सिउ किआ रीस॥’ गुरु साहिब ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के साथ खड़े होने तथा उन्हें यथोचित सम्मान देने का मार्ग दिखाया। भाई लालो जी जैसे श्रमसाधक के घर भोजन ग्रहण करना और मलिक भागो के आडम्बर व अन्याय की कमाई वाले पकवानों को ठुकरा देना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि गुरु साहिब की दृष्टि में निष्कपट श्रम और सत्यनिष्ठा ही सबसे बड़ी पूंजी थी।
आज जब दुनिया धार्मिक कट्टरता, युद्ध, नफरत, आर्थिक विषमता, स्त्री-विरोधी सोच और गंभीर पर्यावरणीय संकटों के भंवर में फंसी है, तब गुरु नानक देव जी की बाणी और दर्शन समूची मानवता को सही राह दिखाते हैं। उनकी सीख किसी एक पंथ या भूगोल तक सीमित नहीं, बल्कि चराचर जगत के कल्याण के लिए है। आज प्रकाश पर्व के इस पावन अवसर पर देश-विदेश का समूचा सिख समाज श्री गुरु नानक देव जी के चरणों में नतमस्तक होकर श्रद्धा-सुमन अर्पित करता है। सतगुरु जी का अमर संदेश—‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ आज भी लोगों को अपने जीवन व आचरण में उतारने का दृढ़ संकल्प दोहराता है।

#मानवता
# समानता और सच के रहबर— श्री गुरु नानक देव जी