संवाद ही तो है, यथार्थ नहीं

तुम लिखना कब बन्द कर रहे हो? उन्होंने रास्ता रोक कर हमें पूछा।
-आप उसे पढ़ते तो हैं नहीं। फिर आपको दिक्कत? हमने जवाब दिया। 
वह नायक से अचानक खलनायक हो गये, दिक्कत ही दिक्कत है। ‘हम पसन्द नहीं करते कि हमारे सिवा किसी और की हमें आवाज़ भी सुनाई दे, लेकिन भाई धृष्टता की हद है। तुम पौन सदी से यूं ही भुनभुना रहे हो। कोई तुम्हारी ओर ध्यान नहीं देता। महान लोगों की किसी भी आत्म प्रायोजित सूची में तुम्हारा नाम नहीं। कहीं तुम्हारे स्वागत में तोरण-द्वार नहीं सजते? अभिनन्दन के बाजे नहीं बजते? लोगों ने तो तुम्हारे बारे में अब परेशान भी होना बन्द कर दिया है। फिर तुम क्यों पूरी दुनिया का दर्द अपने सीने में दबाये बैठे हो जबकि तुम्हारे मरने पर तुम्हारी शोक सभा के लिए चार आदमी भी जुटाने कठिन हो जाएंगे।’ ऐसा पहली बार तो नहीं हुआ। इससे पहले भी दुनिया बदलने का सपना देखने वाले अपने कमरों में अकेले-अकेले मर गये। चार दिन बाद लोगों को खबर मिली। तब तक उनका शव भूतपूर्व कहलाने के लायक भी नहीं था।
और आपने जो इतनी लम्बी चौड़ी करोड़ों की आबादी को भूतपूर्व कर दिया। जो आदमी बरसों से काम तलाशने की जगह सस्ता लंगर बांटने वाली दुकान के बाहर खड़ा है, वह भूतपूर्व नहीं तो और क्या है? वह काम मांगता है, आप उसे भूख से मरने न देने की गारण्टी बांटते हैं। वह देश की सूरत बदलने के लिए जुट जाने का आदेश मांगता है, आप उसे सस्ते राशन की दुकानों की अवधि के विस्तार का विश्वास देते हो।’
विश्वास ही तो है हमारे पास। तुम्हें खुशगवार आज़ाद लोकतंत्र से जीने देने का विश्वास। अभिव्यक्ति की आज़ादी का संदेश।
बेशक बहुत लम्बा-चौड़ा लोकतंत्र है। जनता की इच्छा पर अनुशासित लोकतंत्र तभी तो हम हर पांच साल बाद इस समाज का चेहरा बदल देने का आश्वासन देते हैं।
जी हां, चेहरा बदलता तो है। पांच साल के बाद अब तो दो अढ़ाई साल में भी बदलने लगा है क्योंकि राजनीति में आज ‘आया राम गया राम’ कोई लांछन नहीं रह गया, कुर्सी हथियाने का साधन बन गया है। इसे एक व्यवहारिक गुण कहा जाता है।
‘जी हां, जो कल दोष थे, वे आज गुण हो गये, और कल के गुण आज दोष।’
बातों के सौदागर न बनो। कुर्सी के जुगाड़ू बनो। क्यों सोचते हो हम नव-निर्माण के संघर्ष के आयाम निकाल कर एक बदली गई दुनिया रचेंगे।
दुनिया बदल तो गई है। पहले कर्म करना पर फल की इच्छा न करना ही जीवन का परम सूत्र था। आज बिना काम किये ही सब फल हथियाना जीवन जीने की जादूगरी है। ‘जिसने यह जादूगरी नहीं सीखी, वह फुटपाथ पर रह गया।’ हमने इधर उधर देखा, फुटपाथ तो कहीं भी न थे। सच का अतिक्रमण हो चुका था। नये व्यापारियों ने अपनी दुकानों के सामने पड़ते फुटपाथ किराये पर चढ़ा दिये थे। अब वहां फर्शी दुकानें सजी थीं, जो धनी होने का सर्वाधिकार रखने वालों को कोर्निश बजा रही थीं।
देखो भाई गरीबी-अमीरी की तो बात करो नहीं। समाजवाद एक भूतपूर्व थीसिस हो चुका है। आज तो मिश्रित अर्थ-व्यवस्था का ज़माना है, जिसमें निजी सार्वजनिक भागीदारी के नाम पर विकास गतियों की गणना होती है। विकास ऊपर बहुमंज़िली इमारतों की चोटियों पर टंग जाता है, और गति बुलडोज़र की गति बन जाती है, जो सौन्दर्य बोध के नाम पर रास्ते की झुग्गी झोपड़ियों का अस्तित्व गिराती चली जाती है।
तुम्हारी इन बातों ने ही तुम्हें कहीं का नहीं रखा। तुम इस ज़िन्दगी के मेले में लुट जाना चिल्लाते रहे, और तमाशबीन दुकानें सजा कर बैठ गये।
ये तमाशबीन नहीं, समय के मसीहा हैं, जिन्हें जब अरबपतियों के पर्स सड़कों पर गिरे मिले तो वे उन्हें लौटाने नहीं गये बल्कि उन पर्सों से अरबपतियों के तोरणद्वार ध्वज बना कर उनका जय-जयकार बन गये।
और जो जय-जयकार नहीं कर सका, वह प्रार्थना पत्रों का ‘आपका भवदीय’ हो गया, नेपथ्य से उठती घुटती हुई आवाज़ बन गया, जिसने उठने से पहले ही दम तोड़ दिया।
अर्सा हो गया, हमें इन आवाज़ों की समय की मशाल के रूप में बदलने की इच्छा करते हुए।
ऐसी इच्छा रखना यहां जुर्म है। आवाज़ों का काम यहां उठना नहीं, समय के मसीहाओं की लल्लो-चप्पो करना है। 
तो हम सफलता के आंकड़ों के आह्लाद का क्या करें, कि जिसका उत्सव हम प्रतिदिन मनाते हैं।
उत्सव नहीं, अब इन्हें विजेताओं की शोभा यात्रा में बदल दो। विकल्प नहीं है कोई, शोभा यात्राओं का अनिवार्य अंग बन जाओ, या फिर कॉकरोच कहला कर जलावतन हो जाओ। बड़ी कटु बातें करते हो यार! कुछ शालीनता सीखो, और होंठों पर एक अनुगृहीत मुस्कराहट लाओ, तभी ढंग से जी सकोगे? हम ढंग से जीने के लिए बन्द दरवाज़ों पर दस्तक देते हैं। दरवाज़े नहीं खुले।

#संवाद ही तो है
# यथार्थ नहीं