भारत में आतंक फैलाने के नये तरीके ढूंढ रहा है पाकिस्तान

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में दो दिन के आतंकरोधी सम्मेलन में इस बात पर प्रसन्नता जताई कि कश्मीर 35 साल पुराने उस आतंकवाद से मुक्त हो गया है, जो भारत में पैदा हुए आतंकवादियों के कारण था। यह भारत के लिए अच्छी खबर है परन्तु आतंकवाद के सहारे देश को ज़िंदा रखने वाले पाकिस्तान ने आतंक फैलाने के लिए अब नए पैंतरे अपनाना आरंभ कर दिया है। वह अब हनी ट्रैप से आगे बढ़ चुका है और स्लीपर सेल को भी उसने कमतर मान लिया है। इसलिए अब आतंक को जिंदा रखने के लिए उसने एक सुरक्षित रास्ता निकाला है, जो फिलहाल अभी बहुत पुराना नहीं हुआ है। अब वह पहलगाम जैसी बड़ी वारदातों को छोड़कर दहशत फैलाने, रेल-बस, रेलवे ट्रैक में विस्फोट कराने, स्थानीय लोगों की हत्या कर आतंक को जिंदा रखने तथा अपने कट्टर आतंकवादियों को सहयोग करने के लिए स्थानीय लोगों पर दांव लगा रहा है। 
हाल में राजस्थान में हुई एक घटना के बाद उसकी इस योजना का पता लगा है। इसके बाद स्थानीय तथा केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। कुछ दिन पहले अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल लाइन पर ब्लास्ट प्रकरण की जब छानबीन हुई और उसमें गिरफ्तारी हुई, तो पता चला कि इसके लिए पाकिस्तान ने भारत में जिन आरोपियों को यह काम सौंपा था, वह धन की कमी से परेशान थे। उन्हें न सिर्फ धन का लालच दिया गया बल्कि उन्हें यह भी कहा गया बताते हैं कि ज़रूरत पर उन्हें भारत से बाहर भेजने व सैटल होने में भी मदद दी जाएगी। दरअसल इस ब्लास्ट प्रकरण में महकदीप तथा दविंदर को गिरफ्तार किया गया है। जब उनसे पूछताछ हुई तो सारी कहानी समझ में आयी। महकदीप का पति ड्रग तस्करी में पकड़ा जा चुका है और वह पैसों के लिए परेशान थी। इसी का फायदा स्थानीय स्तर पर पाकिस्तान के लिए काम करने वालों ने उठाया और उसे न सिर्फ बड़ी रकम देने की पेशकश की गई बल्कि विदेश में रहने की व्यवस्था की बात भी कही गई। 
जांच अधिकारियों को इनके पास से हवाला की रकम के साथ हथियार तथा कारतूस मिलना भी यह सिद्ध करता है कि वे पाकिस्तान की शह पर काम कर रहे थे। जो हथियार मिले हैं, उन पर पाक की आयुध फैक्टरी का निशान भी है। दरअसल अमरीका और रुस के युद्धरत होने और जेन-जी के आंदोलन की आड़ में पाकिस्तान भारत में कुछ बड़ा करना चाहता था। इसके लिए उसने नई रणनीति बनाई। उसे पता है कि जम्मू-कश्मीर में उसके स्लीपर सेल अब सुरक्षित नहीं हैं और न ही ओवर ग्राउंड कार्यकर्ता। उसे यह भी पता है कि हनी ट्रैप भी उतना सुरक्षित नहीं रह गया, जितना कि वह समझता था। यहां तक कि उसके भेजे हुए आतंकवादी या तो मारे जा रहे हैं और जो लोकल आतंकवाद का इकोसिस्टम था, उसे भी सेना ने बर्बाद कर दिया है। इसीलिए उसने उन युवाओं को तलाशना आरंभ किया है, जिन्हें धन की बहुत ज़रूरत है। जो नौकरी के लिए परेशान हैं, विदेशों में रहना तथा वहां पर नौकरी करना चाहते हैं। ऐसे लोग उसकी प्राथमिकता में हैं, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो। सॉफ्ट टारगेट के तौर पर वे इस्तेमाल हो रहे हैं। 
वह उन बांग्लादेशी युवाओं को भी तलाश रहा है, जो उसकी मदद कर सकें। पाकिस्तान की नजर रोहिंग्याओं पर भी है, जो लंबे समय से भारत में रह रहे हैं। युवा उसकी बातों में जल्दी आ जाते हैं। जिस तरह से पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर तथा सर्जिकल स्ट्राइक हुई, उससे वह डरा हुआ है और जम्मू-कश्मीर में सेना के हाथों उसके भेजे आतंकवादी मारे जा रहे हैं। बैसरन हमले के बाद से कम से कम दो दर्जन से अधिक इस तरह के वर्कर्स को सरकार नौकरी से निकाल चुकी है। पाकिस्तान की नज़र अब इन पर भी है। खैर, इन सब मामलों को देखते हुए अब पाकिस्तानी आतंकवादी दूसरे राज्यों में निशाना बना रहे हैं। इनमें राजस्थान, पंजाब, गुजरात तथा महाराष्ट्र पर अधिक फोकस है। 
पार्सल विस्फोट की ताजी घटना महाराष्ट्र के लातूर की है। यहां पर एक कोरियर के ऑफिस में पार्सल में विस्फोट हुआ। हालांकि उसमें मौत तो नहीं हुई पर एक कर्मचारी घायल हुआ। बाद में उसमें एयर पिस्तौल से जुड़ा हुआ सामान मिला। राजस्थान में ही ड्रोन से भारत-पाक की सीमा पर आरडीएक्स के साथ डेटोनेटर मिले थे। खुफिया एजेंसियां जान चुकी हैं कि पाकिस्तान अपने नए शिकार को ड्रोन के जरिए विस्फोटक तथा दूसरी खतरनाक वस्तुएं उपलब्ध कराता है। उसके बाद जो लोकल नेटवर्क है, वह उसे गांव-शहरों के उन रास्तों से उन तत्वों तक पहुंचाता है, जो इस तरह की घटनाएं करने के लिए हायर किए जाते हैं। कुछ सुरक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि पहाड़ों पर ब्लास्टिंग करने या कोयले आदि की खदानों में जो विस्फोटक प्रयोग होता है, उसे भी यही लोकल लोग आसानी से उपलब्ध करा सकते हैं, इसलिए उनका सहयोग लेना अधिक प्राथमिकता है। इसका सीधा लाभ यह होता है कि उन पर शक की नज़र कम होती है और वह उन स्थानों तक आसानी से पहुंच जाते हैं, जहां आतंकवादियों के पहुंचने की संभावना काफी कम होती है। 
पाकिस्तान की इस योजना के बाद से खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा एजेंसियों को कहा है कि वह कोरियर कंपनियों के साथ ही उन लॉजिस्टिक पर भी नजर रखें, जो भारत पाक सीमा पर हैं या फिर दोनों देशों की उन सीमाओं पर जहां जांच बहुत सख्ती से नहीं हो पा रही। रेलवे तथा प्राइवेट बसों के उन रूट्स पर भी सख्ती की बात कही गई है, जो बड़े पार्सल लेकर आते हैं और जिनमें कुछ यात्री जल्दी-जल्दी यात्रा करते हैं। पाकिस्तान के सॉफ्ट टारगेट मजबूर युवाओं में विश्वास का एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि एनआईए ने स्लीपर सेल के नेटवर्क को गत तीन वर्षों में काफी नुकसान पहुंचाया है। इस साल 15 अगस्त से पहले देशभर में चले एक अभियान में राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा जैसे राज्यों से पाकिस्तान समर्थित शहजाद भट्टी के नेटवर्क के 250 से अधिक संदिग्धों को पकड़ा गया। 
फिलहाल सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान की जिस नई रणनीति को बे्रक किया है, वह इस बात को पुख्ता करती है कि आतंकवाद को पाकिस्तान रोज नया चेहरा देने की कोशिश कर रहा है और गरीब तथा मदद के लिए तरस रहे लोग अब उसके लिए स्लीपर सेल तथा हनी ट्रैप से अधिक सुरक्षित हैं तथा उन पर दांव लगाना भी कम खर्चीला है।

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#भारत में आतंक फैलाने के नये तरीके ढूंढ रहा है पाकिस्तान