फसली-विभिन्नता हेतु सहायक हो सकती है फलों की काश्त

पानी की बचत करने और भू-जल स्तर को नीचे जाने से रोकने के लिए धान की काश्त कम करके फसली-विभिन्नता लाने की ज़रूरत है। लेकिन इस वर्ष धान के उत्पादन में वृद्धि हुई है जिससे किसानों को अधिक लाभ हुआ है। धान की काश्त करने वाले किसानों को 80,000 रुपये प्रति एकड़ तथा बासमती की काश्त करने वाले किसानों को 1.10 लाख रुपये प्रति एकड़ आय हुई है। उत्पादन 200 लाख टन को पार कर गया है, जबकि केन्द्र का खरीद का लक्ष्य 180 लाख टन था। कई किसान अपनी फसल बेचने के लिए अभी भी परेशान हो रहे हैं। पंजाब सरकार नकदी सीमा बढ़ाने के लिए केंद्र के संपर्क में है। इसके दृष्टिगत निकट भविष्य में धान की काश्त का रकबा कम होने की कोई संभावना नहीं है। सरकार मक्का, तिलहन और दालों आदि पारम्परिक फसलों की काश्त का रकबा बढ़ाने पर ज़ोर दे रही है, परन्तु उसमें कोई सफलता नहीं मिली है। सोयाबीन भी पंजाब की फसल नहीं बन पाई।  कुछ ज़िलों में नरमा का रकबा 6 लाख हेक्टेयर से कम होकर एक लाख हेक्टेयर ही रह गया है।
फलों की काश्त का रकबा बढ़ाकर उत्पादन बढ़ाने की गुंजाइश है। इसे महसूस करते हुए पंजाब सरकार ने पीएयू में फलों के विशेषज्ञ डॉ. हरविन्दर सिंह धालीवाल को उप-कुलपति के पद पर नियुक्त किया है और फलों का बड़े आकार का प्रोजेक्ट मंज़ूर किया है। भारत फलों की काश्त में अग्रणी देशों में गिना जाता है, जबकि पंजाब में सिर्फ 2-3 प्रतिशत के लगभग रकबा ही फलों की काश्त के अधीन है। उसमें भी अकेला किन्नू फल आधे रकबे पर होता है। फलों की काश्त में भी विभिन्नता की ज़रूरत है। बागों में फलों का उत्पादन होने के अलावा किसानों ने ट्यूबवेलों पर भी फलों के पौधे लगाए हुए हैं और घरेलू बगीचों में भी फलों के पौधे लगे हुए हैं, परन्तु उत्पादकों को शिकायत रहती है कि ये पौधे चलते नहीं और अपेक्षित मात्रा में फल नहीं देते। बागवानी विभाग के पूर्व उप-निदेशक डॉ. स्वर्ण सिंह मान ने उत्पादकों को सलाह दी  है कि वे पौधे सिर्फ बागवानी विभाग, पीएयू, आईसीएआर-आईएआरआई या बोर्ड द्वारा प्रमाणित नर्सरियों से खरीदकर ही लगाएं। उनकी देखभाल करने के लिए फलों के विशेषज्ञों से संपर्क किया जाए।
फलदार पौधों को समय पर, सही मात्रा में और सही तरीके से खाद डालने की आवश्यकता होती है। फलदार पौधों में पोषक तत्वों की कमी के कारण फूल और फल झड़ जाते हैं या फल का आकार और मिठास भी कम हो जाती है। फलों के पौधों और पेड़ों को खाद डालने का सही समय दिसम्बर है। सारी रूढ़ी की खाद, सुपरफॉस्फेट और म्यूरेट ऑफ  पोटाश पौधों को पहले ही डाल देनी चाहिए। किन्नू, आम, लीची, आड़ू, नाशपाती और आलूचे को आधा यूरिया आदि फूल आने से पहले और शेष आधा यूरिया फूल आने के बाद डालना चाहिए। अंगूर में सुपरफॉस्फेट और आधी यूरिया खाद, आधी पोटाश छंटाई के बाद और शेष यूरिया व पोटाश अप्रैल महीने में डाल देनी चाहिए। फलदार पौधों को खाद छतरी (कैनोपी) के नीचे डालनी चाहिए। तने से एक फुट दूर खाद डालकर हल्की गुड़ाई कर देनी चाहिए। अमरूदों को खाद डालने का उपयुक्त समय जून, सितम्बर और अक्तूबर के महीने हैं। बेर को जुलाई में खाद डालने की आवश्यकता है। नाइट्रोजन फलदार पौधों के लिए मुख्य तत्व है, जिसकी कमी पूरी करने के लिए विशेषज्ञों की सिफारिश के अनुसार ही खाद डालनी चाहिए। फास्फोरस फल की कलियां बनने और जड़ों की वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी के कारण पत्तों का रंग बैंगनी-सा हो जाता है और पत्ते पूरी तरह विकसित नहीं होते। बेहतर हो यदि यह तत्व मिट्टी की जांच करवाने के बाद पर्याप्त मात्रा में डाला जाए। फलों के विशेषज्ञों, बागवानी विभाग या पीएयू से इस संबंध में जानकारी ली जा सकती है।
फलों के पौधे लगाने का उचित समय मध्य जनवरी के बाद और फरवरी का महीना है। पौधों के बीच उचित दूरी रखी जानी चाहिए। ज़मीन की सतह से गड्ढा 2 फुट गहरा होना चाहिए। फिर इसमें गली-सड़ी गोबर की खाद मिट्टी में मिलाकर डालनी चाहिए।
अनार और अंजीर भी सफलतापूर्वक उगाए जा सकते हैं। कलमी आड़ू की शाने पंजाब, फ्लोरिडा, प्रिंस और प्रताप किस्में भी जनवरी और फरवरी में लगती हैं। बीज रहित अंगूर लगाने का भी यह उचित समय है। फतेहगढ़ साहिब ज़िले में अमलोह के निकट धर्मगढ़ गांव के प्रगतिशील किसान बलबीर सिंह जड़िया कहते हैं कि उन्होंने ये सभी फल सफलतापूर्वक लगाए हैं। फलों का सेवन स्वस्थ रहने के लिए बहुत ज़रूरी है। इनकी खपत में प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। पंजाब में फलों की काश्त बढ़ाने की बहुत गुंजाइश है। फलों के अतिरिक्त फसली-विभिन्नता लाने के लिए सब्ज़ियों की काश्त भी बढ़ाई जा सकती है, जिसके लिए कोल्ड चेन सुविधाएं बढ़ाने की ज़रूरत है।

ई-मेल :  bhagwandass226@gmail.com

#फसली-विभिन्नता हेतु सहायक हो सकती है फलों की काश्त