फिर नाकाम हुआ जलवायु परिवर्तन सम्मेलन !
संयुक्त राष्ट्र का 31वां जलवायु परिवर्तन सम्मेलन यानी कॉप-31 तुर्किये के अंताल्या शहर में 9 से 20 नवम्बर 2026 तक आयोजित हुआ। हालांकि वार्ताओं में सहमति नहीं बनने के कारण सम्मेलन 22 नवम्बर 2026 तक चला। मगर बात फिर भी नहीं बनी और अंतत: दुनियाभर के देशों के प्रतिनिधियों को एक व्यापक राजनीतिक समझौते के बिना ही लौटना पड़ा। सीएफसी गैसों के प्रमुख कारक जीवाश्म ईंधन से दूरी बनाने, जलवायु वित्त और विकासशील देशों की जिम्मेदारी जैसे सवालों पर हमेशा की तरह इस बार भी गहरे मतभेद इस सम्मेलन की असफलता का सबसे बड़ा कारण रहा। कॉप का पूरा नाम कांफ्रैंस ऑ़फ द पार्टीज यानी पक्षकारों का सम्मेलन है। इसका आयोजन संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा सम्मेलन (यूएनएफसीसीसी) के अंतर्गत होता है। वर्ष 1992 में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में हुए पृथ्वी सम्मेलन के दौरान यूएनएफसीसीसी को अपनाया गया था। यह अभिसमय 1994 में प्रभावी हुआ। इसका उद्देश्य वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों की सांद्रता को ऐसे स्तर पर स्थिर करना है, जिससे जलवायु प्रणाली में खतरनाक मानवीय हस्तक्षेप को रोका जा सके।
पहला कॉप सम्मेलन 1995 में जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हुआ था। इसके बाद हर साल सदस्य देशों की बैठक आयोजित होती रही है। कॉप-21 यानी 2015 के पेरिस सम्मेलन में ऐतिहासिक पेरिस समझौता हुआ था। कॉप-31 में तुर्किये मेजबान देश था। तुर्किये के मुरात कुरुम इस सम्मेलन के अध्यक्ष और ऑस्ट्रेलिया के क्रिस बोवेन वार्ताओं के अध्यक्ष थे। सवाल है आखिर अंताल्या पैक्ट पर क्यों नहीं बनी सहमति? कॉप-31 की सबसे बड़ी विफलता जीवाश्म ईंधन पर किसी भी कीमत पर सहमति न बनना है। प्रस्तावित अंतल्या पैक्ट यानी अंताल्या समझौते में दो व्यापक राजनीतिक निर्णय शामिल थे- एक यूएनएफसीसीसी के तहत और दूसरा पेरिस समझौते के पक्षकारों की बैठक के तहत। यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और कई अन्य देशों ने प्रस्तावित दस्तावेजों को अपर्याप्त बताते हुए उनका विरोध किया। हर बार की तरह सबसे विवादास्पद मुद्दा जीवाश्म ईंधन ही था। कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को धीरे-धीरे समाप्त करने की स्पष्ट दिशा और समयबद्ध प्रतिबद्धता की मांग की जा रही थी।
लेकिन प्रस्तावित समझौते में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने का स्पष्ट उल्लेख नहीं था। इससे यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, पनामा और कुछ छोटे द्वीपीय देशों ने असंतोष जताया। दूसरी ओर तेल उत्पादक और ऊर्जा के परंपरागत स्रोतों पर निर्भर देशों के हित भी वार्ताओं में महत्वपूर्ण रहे। दूसरा बड़ा विवाद जलवायु वित्त को लेकर था। विकासशील देशों का तर्क था कि जलवायु परिवर्तन के लिए ऐतिहासिक रूप से अधिक जिम्मेदार विकसित देशों को उत्सर्जन घटाने और जलवायु प्रभावों से निपटने के लिए अधिक आर्थिक सहायता देनी चाहिए। लेकिन वित्तीय सहायता की मात्रा, उसके स्रोत और जवाबदेही पर सहमति नहीं बन सकी। जिस कारण अंतत: अंताल्या पैक्ट को सर्वसम्मति नहीं मिली। गौरतलब है कि पेरिस समझौते का सबसे चर्चित लक्ष्य वैश्विक औसत तापमान वृद्धि को औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे रखना और इसे 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के प्रयास करना है। औद्योगिक क्रांति के बाद कोयला, तेल और गैस के अत्यधिक इस्तेमाल ने वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड जैसी ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा बढ़ाई है। लॉस एंड डैमेज फंड जलवायु परिवर्तन से होने वाली उन क्षतियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, जिनसे केवल अनुकूलन उपायों के जरिए नहीं निपटा जा सकता। कॉप-27 (2022) में इस फंड की स्थापना पर ऐतिहासिक सहमति बनी थी और कॉप-28 (2023) में इसे क्रियाशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय हुआ, कॉप-31 में अनुकूलन वित्त की उपलब्धता, उसकी आधार रेखा और विकासशील देशों तक पहुंच को लेकर विवाद बना रहा। हालांकि सम्मेलन में अनुकूलन (एडॉप्शन फंड) और (जस्ट ट्रांज़िशन वर्क प्रोग्राम) से संबंधित कुछ निर्णय स्वीकार किए गए। न्यायसंगत ऊर्जा संक्रमण कार्यक्रम को तीन साल और बढ़ाने पर भी सहमति बनी। लेकिन जिसके लिए दुनियाभर के देशों के प्रतिनिधि बैठते हैं यानी जलवायु परिवर्तन के लिए किये जाने वाले उपायों पर कोई सर्वसम्मति नहीं बन सकी। भारत के लिए जलवायु कूटनीति का प्रश्न दोहरी चुनौती है। एक ओर हम दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार की दिशा में काम कर रहे हैं। दूसरी ओर बिजली, उद्योग, परिवहन व विकास की बढ़ती ज़रूरतों के कारण कोयले पर हमारी निर्भरता अभी भी महत्वपूर्ण है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

