कांग्रेस की राष्ट्रीय नियुक्तियों में हरियाणा को मिला विशेष महत्त्व
कांगे्रस के राष्ट्रीय संगठन में नई नियुक्तियों ने हरियाणा की सियासत में संगठनात्मक प्रतिनिधित्व की नई तस्वीर पेश की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में हरियाणा से जुड़े कई नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाकर अलग-अलग राज्यों और राष्ट्रीय स्तर पर अहम् ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। इस बार इन नियुक्तियों की खासियत केवल नेताओं को पद मिलना नहीं, बल्कि चयन की बदली हुई प्रक्रिया भी है। राष्ट्रीय सचिवों के चयन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस प्रियंका गांधी ने खुद इंटरव्यू लिए थे। राज्यवार दावेदारों की सूची मंगवाने और जातीय समीकरणों और सभी नेताओं के संगठनात्मक अनुभव का आंकलन करने के बाद नामों पर अंतिम मोहर लगाई गई। हरियाणा के फतेहाबाद ज़िला निवासी डॉ. विनीत पुनिया को लगातार तीसरी बार कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उनको सौंपी गई नई जिम्मेवारी में उन्हें पार्टी के संचार, प्रचार व मीडिया विभाग के साथ-साथ सोशल मीडिया और डिजीटल मीडिया की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. विनीत पुनिया इससे पहले भी कांग्रेस सचिव रह चुके हैं। डॉ. विनीत पुनिया के अलावा सोनीपत ज़िले के गांव कथूरा निवासी प्रदीप नरवाल को भी इस बार फिर राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी रह चुके प्रदीप नरवाल भिवानी ज़िले के बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल वह बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी हैं। वर्ष 2021 में जब उन्हें पहली बार कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था, तब वह इस पद पर नियुक्त होने वाले सबसे युवा नेताओं में शामिल थे। 2024 में उन्हें दोबारा राष्ट्रीय सचिव की ज़िम्मेदारी मिली थी और अब उनकी तीसरी बार कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद पर नियुक्ति हुई है।
सोनिया द्वारा सैलजा की प्रशंसा
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलान्गिग-ए जर्नी ऑफ लव’ में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा के साथ अपने आत्मीय संबंधों और राजनीतिक यात्राओं के अनुभवों को खास जगह दी है। यह किताब आजकल राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा में है। हरियाणा से एकमात्र कुमारी सैलजा ही ऐसी नेता हैं, जिनका इस किताब में सोनिया गांधी ने नाम लेकर विशेष उल्लेख किया है। इससे कुमारी सैलजा की गांधी परिवार के साथ घनिष्ठता जगजाहिर हो गई है और सैलजा का सियासी रूतबा भी बढ़ गया है। किताब केपेज नंबर 413 पर सोनिया गांधी ने सैलजा की कार्यशैली, उनके सहयोगी स्वभाव और हरियाणा के प्रतिष्ठित कांग्रेसी परिवार में उनकी परवरिश का विशेष उल्लेख करते हुए उनके प्रति अपनी सकारात्मक राय जाहिर की है। सोनिया गांधी के शब्दों में, कुमारी सैलजा के साथ यात्रा करना उनके लिए सुखद अनुभव था। वह हमेशा उनका हौंसला बढ़ाती थी और मददगार रहती थी। सैलजा के बचपन और उनके अनुभवों के बारे में सुनना उन्हें अच्छा लगता था। 544 पृष्ठों वाली सात अध्यायों में विभाजित इस पुस्तक के छठे अध्याय का शीर्षक ‘लीडिंग दी कांग्रेस पार्टी’ है। इसी अध्याय में सोनिया गांधी ने उस दौर का जिक्र किया, जब वह कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में लगातार यात्राएं कर रही थी। इन यात्राओं में कुमारी सैलजा अधिकतर समय उनके साथ रहती थी। उस समय सैलजा अम्बाला से सांसद थी और पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में काम करती थी। सोनिया गांधी लिखती हैं कि उनका दिन देर रात तक काम करने और अगले दिन सुबह जल्दी फिर से काम शुरू करने के बीच गुजरता था। वह उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र्र, गुजरात, कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश की यात्राएं कर रही थी। इन दौरों में ज्यादातर समय कुमारी सैलजा उनके साथ रहती थी। सोनिया के मुताबिक संसद या दिल्ली स्थित कार्यक्रमों के हिसाब से वह हर तीसरे या चौथे दिन वापिस लौटती थी। व्यस्त और थकाऊ कार्यक्रमों के बीच सैलजा का साथ उनके लिए सुखद और राहत देने वाला था। बता दें कि जब सोनिया गांधी एक बार काफी बीमार हो गई थी, तब सैलजा ही पूरे समय उनके साथ अस्पताल में मौजूद रही थी।
योगी और बागड़ी भी बने राष्ट्रीय सचिव
योगेंद्र योगी और मनोज बागड़ी को पहली बार कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव और सुभाषिणी यादव को दूसरी बार ज़िम्मेदारी मिली है। दिवंगत समाजवादी नेता शरद यादव और डॉ. रेखा यादव की बेटी सुभाषिणी यादव को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उनकी शादी जेडीयू हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष कमलवीर सिंह के बेटे राजकमल के साथ हुई है। सुभाषिणी यादव गुजरात कांग्रेस की प्रभारी रह चुकी हैं और वह बिहार की बिहारीगंज सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। कांग्रेस ओबीसी के राष्ट्रीय संयोजक और झारखंड के प्रभारी रह चुके योगेंद्र योगी को राष्ट्रीय सचिव महाराष्ट्र नियुक्त किया गया है। हरियाणा के हांसी क्षेत्र के गांव मुजादपुर के रहने वाले योगेंद्र योगी हरियाणा केशकला एवं कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन रह चुके हैं। ओबीसी संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर काम करने और झारखंड में प्रभारी की भूमिका निभाने का अनुभव अब उनके महाराष्ट्र के नए दायित्व में काम आएगा। कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ हरियाणा के अध्यक्ष मनोज बागड़ी को भी राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ में रहते हुए उनके काम की सराहना हुई थी। नई नियुक्तियों के दौरान हरियाणा के कुछ पुराने चेहरों को दोबारा मौका नहीं मिला है। पुराने राष्ट्रीय सचिव रहे चिरंजीव राव और चेतन चौहान को इस बार राष्ट्रीय सचिव की ज़िम्मेदारी नहीं मिली है। चिरंजीव को पहले राजस्थान और चेतन चौहान को हिमाचल प्रदेश के लिए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया था।
राठौर व अहिरे को हरियाणा की ज़िम्मेदारी
इस बार हिमाचल प्रदेश के दीपक राठौर और मुंबई महाराष्ट्र के सुनील अहिरे को कांग्रेस ने राष्ट्रीय सचिव नियुक्त करके हरियाणा की ज़िम्मेदारी सौंपी है। दीपक राठौर हिमाचल की ठयोंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और तेलंगाना में संगठन पर्यवेक्षक की ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं। वहीं सुनील अहिरे राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के प्रवक्ता रह चुके हैं। कांग्रेस ने संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत संबंधित नेता को उसके मूल राज्य की बजाए किसी अन्य राज्य से राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने का प्रावधान है। हरियाणा से कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बनने के लिए दो दर्जन से ज्यादा नेताओं ने इंटरव्यू दिए थे। इनमें डबवाली के पूर्व विधायक अमित सिहाग, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके दिव्यांशु बुद्धिराजा, करनाल कांग्रेस ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेश वैद्य, रानियां से चुनाव लड़ चुके सर्वमित्र कंबोज, सोहाना से चुनाव लड़ चुके रोहताश बेदी और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हिम्मत सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस सेवा दल की प्रदेशाध्यक्ष पूनम चौहान, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय सचिव रह चुके अनिल सैनी, पटौदी से चुनाव लड़ चुके सुधीर चौधरी और युवा कांग्रेस की नेता खुशबू शर्मा ने भी राष्ट्रीय सचिव पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। नई नियुक्तियों में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि चयन प्रक्रिया में केंद्रीय नेतृत्व की सीधी भागीदारी माना जा रहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सीधी भागीदारी के चलते हरियाणा के किसी नेता ने अपनी पसंद का नाम राष्ट्रीय सचिव बनाने के लिए कांग्रेस आलाकमान को नहीं भेजा। वैसे सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला पहले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बनाए जा चुके हैं।
मो.-9855465946



