अकाली-भाजपा गठबंधन का प्रभाव

पंजाब विधानसभा के चुनाव नज़दीक हैं। लम्बी हिचकिचाहट के बाद अंतत: भाजपा और अकाली दल (ब) के बीच चुनाव समझौते की घोषणा कर दी गई है। 6 वर्ष के आपसी अलगाव के बाद हुए इस समझौते की घोषणा की व्यापक स्तर पर चर्चा होना स्वाभाविक थी। पिछले कुछ चुनावों में दोनों ही पार्टियां हाशिये पर आ गई थीं। 2017 में पहले 5 वर्ष कांग्रेस और उसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बनी सरकारों ने प्रदेश में अकाली दल और भाजपा दोनों को बहुत पीछे धकेल दिया था।
 इससे पहले स. प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में दो बार बनी अकाली-भाजपा सरकारों के आखिरी वर्षों में भाव 2015 में बरगाड़ी (फरीदकोट) में घटित श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटना पर, इसके बाद कोटकपूरा और बहबल कलां में हुई पुलिस कार्यवाही को लेकर अकाली-भाजपा की सरकार के प्रति लोगों में नाराज़गी काफी बढ़ गई थी। ज्यादातर लोग अनेक कारणों के कारण नाराज़ और निराश हो गए थे, जिससे अकाली दल की छवि धूमिल हुई थी और उनके अक्स को भारी आघात लगा था। यह भी एक बड़ा कारण था कि 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत प्राप्त हुई थी परन्तु उसके बाद लोगों ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा आदि पारम्परिक पार्टियों से निराश होकर आम आदमी पार्टी के रूप में तीसरा विकल्प ढूंढ लिया था। इसी दौरान केन्द्र सरकार द्वारा कृषि संबंधी बनाए तीन कानूनों पर बड़ा विवाद छिड़ गया था। पंजाब इनके विरोध में केन्द्र बिन्दु बन गया था। इन कानूनों के विरोध में अकाली दल केन्द्र की जनतांत्रिक गठबंधन सरकार से अलग हो गया था, परन्तु इसके बावजूद भी हाशिये पर पहुंचा अकाली दल बादल पूरी तरह उठ नहीं सका था। स. प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में हुए कई चुनावों के दौरान भी अकालियों को बड़ा शर्मसार होना पड़ा था। इसके उपरांत पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने ब़गावत कर दी थी और सुखबीर सिंह बादल से त्याग-पत्र की मांग की जाने लगी थी, परन्तु पार्टी पर काबिज़ नेतृत्व के अडिग रहने के कारण पार्टी दो फाड़ हो गई थी और अकाली दल पुनर्सुरजीत नामक का नया संगठन अस्तित्व में आ गया था। जिससे अकाली गलियारों में और भी निराशा और दुविधा पैदा हो गई थी। आज तक भी अकाली दल अपने सभी यत्नों के बावजूद इस संकट से उभरने में सफल नहीं हो सका। 
2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत उन्होंने भाजपा से निकटता बढ़ाने का यत्न किया, परन्तु दूसरी ओर भाजपा ने प्रदेश चुनाव अकेले लड़ने के लिए लगातार अपनी पूरी तैयारी कर रखी थी। अपनी सीमाओं के बावजूद वह दृढ़ हौसले में पंजाब चुनावों के लिए तैयारी करती दिखाई दे रही थी। विगत अवधि में इसके बड़े-छोटे नेता लगातार प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करते रहे थे। अब अचानक दोनों के गठबंधन की घोषणा ने जहां अकाली-भाजपा पार्टी के गलियारों में एक नई उम्मीद पैदा की है, वहीं विपक्षी पार्टियां अकाली दल (ब) की इस पक्ष से कड़ी आलोचना कर रहे हैं कि उसने सिर्फ चुनाव जीतने के लिए ही ऐसा समझौता किया है, क्योंकि भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने अभी तक वर्षों से लटक रहे पंथक मामलों संबंधी अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की और न ही उसकी ओर से वर्षों से लटकती आ रहीं पंजाब संबंधी मांगों के बारे में ही कोई प्रतिक्रिया प्रकट की है। विगत अवधि के दौरान दोनों ही पार्टियां चुनाव में उतरने के लिए भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में अपने-अपने हलका प्रभारियों  की भी लगातार घोषणा करती रही हैं। ऐसी स्थिति में सीटों के लेन-देन की एक बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है, क्योंकि हलका प्रभारी स्वयं को सम्भावित उम्मीदवार ही समझते हैं। फिर भी अब देखना होगा कि इस समय विधानसभा में हाशिये पर आई हुईं इन दोनों पार्टियों का यह गठबंधन इनके लिए कितना लाभदायक सिद्ध हो सकेगा? एकाएक हुई इस घोषणा ने प्रदेश के राजनीतिक माहौल में बड़ी चर्चा छेड़ दी है। निकट भविष्य में लोग इस गठबंधन को किस तरह का समर्थन देते हैं, यह भी देखने वाली बात होगी।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#अकाली-भाजपा गठबंधन का प्रभाव