टैरिफ धमकी के बल पर ट्रम्प चाहते हैं भारत से व्यापार समझौता !
ऐसा प्रतीत होता है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कोई सबक नहीं सीखा है। इस माह के आरंभ में उनकी रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी से इतनी करारी शिकस्त मिली थी कि नीली सुनामी में वह दोनों सीनेट व हाउस ऑफ रिप्रेजेन्टेटिव में बहुमत खो बैठे और अब उन पर व उनके काबिना पर महाभियोग का खतरा मंडरा रहा है, जनवरी 2027 में जब चुने गये नये सदस्य अपना कार्यभार सम्भालेंगे। रिपब्लिकन की हार की मुख्य वजह ट्रम्प द्वारा छेड़ा गया टैरिफ युद्ध और ईरान पर किया गया बेमतलब हमला रहे, जिनसे अमरीका के आम नागरिकों को भी ज़बरदस्त महंगाई से दोचार होना पड़ा व उन्होंने अपना गुस्सा मतदान के माध्यम से निकाला। इसके बावजूद यूएस ट्रेड रिप्रेजेन्टेटिव (यूएसटीआर) ने 25 नवम्बर, 2026 को 16 देशों पर 15 से 20 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है, जिसमें भारतीय गुड्स पर 17 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ का प्रस्ताव है, इस धमकी के साथ कि अगर नई दिल्ली ने द्विपक्षीय व्यापार डील पर हस्ताक्षर न किये तो इस दर को 25 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है। दूसरे शब्दों में इसका अर्थ है कि निर्यात पर ड्यूटी पर अतिरिक्त बोझ के लिए मंच तैयार कर दिया गया है। विकसित देशों यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्ज़रलैंड, ताइवान पर 15 प्रतिशत, भारत पर व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने व यूएसटीआर द्वारा अंतिम टैरिफ जारी करने की स्थिति में 17 प्रतिशत, बांग्लादेश, कंबोडिया, इण्डोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड पर 18 प्रतिशत और चीन, सिंगापुर व वियतनाम पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है, जोकि ट्रम्प प्रशासन द्वारा यूएसटीआर के सेक्शन 301 की जांच के तहत लिया गया है। इन 16 देशों की तथाकथित संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता की वजह से। यह अस्थायी उतार-चढ़ाव के बजाय व्यवस्था, नीतियों या निवेश के ढांचे से जुड़ी समस्या होती है यानी संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता ऐसी स्थिति को दर्शाता है जब किसी उद्योग, क्षेत्र या अर्थव्यवस्था की उत्पादन या सेवा देने की स्थायी क्षमता, बाज़ार की वास्तविक और दीर्घकालिक मांग से कहीं अधिक होती है।
हालांकि ट्रम्प की यह हरकत आश्चर्यजनक नहीं है, लेकिन निर्यातकों के लिए इससे नई जटिलताएं उत्पन्न हो गई हैं, जबकि भारत से निर्यात होने वाली दो महत्वपूर्ण वस्तुओं— फार्मा व मोबाइल फोन को अतिरिक्त टैरिफ से मुक्त रखा गया है। बहरहाल, भारत ने आरोप का खंडन करते हुए कहा है कि उसने कोई संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता उत्पन्न नहीं की है। ध्यान रहे कि अधिकतर विकासशील देशों को 18 प्रतिशत के खाने में रखा गया है, जबकि भारत को एक प्रतिशत पॉइंट का ‘तुलनात्मक लाभ’ इस शर्त के साथ दिया गया है कि पिछली फरवरी में जिस व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया गया था, उसके पहले भाग पर अंतिम सुनवायी के पूर्ण होने और टैरिफ की घोषणा होने से पहले हस्ताक्षर कर दिये जाएं। सुनवायी 27 जनवरी, 2027 से आरंभ होना निर्धारित है और टैरिफ अगली फरवरी से लागू हो सकते हैं। अगर पंक्तियों के बीच की इबारत को पढ़ा जाये तो यह ‘धमकी’ है। इस ‘धमकी’ से ऐसा प्रतीत होता है कि अमरीका भारत से जबरन व्यापार डील पर हस्ताक्षर कराना चाहता है। नई दिल्ली को ऐसी किसी ‘धमकी’ में आकर ऐसी किसी व्यापार डील पर हस्ताक्षर नहीं करने चाहिये, जो देश हित के विपरीत हो। ट्रम्प ने भारत पर 27 अगस्त से 23 फरवरी, 2026 तक एमएफएन जमा 50 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था (एमएफएन यानी मोस्ट फेवर्ड नेशन रेट, जो सभी देशों पर लागू होता है)। 24 फरवरी से 24 जुलाई, 2026 तक एमएफ एन जमा 10 प्रतिशत सेक्शन 122 (बैलेंस ऑफ पेमेंट्स) टैरिफ लगाया। 24 जुलाई, 2026 से एमएफ एन जमा 10 प्रतिशत सेक्शन 301 (जबरन श्रम) टैरिफ लगा हुआ है और फरवरी 2027 से एमएफएन जमा 7 प्रतिशत सेक्शन 301 टैरिफ लगेगा।
अमरीका से व्यापार समझौते की अनुपस्थिति में भारत पर अतिरिक्त टैरिफ को 17 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक बढ़ाने की ‘धमकी’ है, जैसा कि ऊपर बताया गया है। इससे यह अंदाज़ा सहज ही लगाया जा सकता है कि आने वाले कुछ सप्ताहों में नई दिल्ली व वाशिंगटन के बीच इस संदर्भ में ज़बरदस्त मोल-भाव होने जा रहा है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



