पुन: महिलाओं के आरक्षण की गूंज
मोदी सरकार द्वारा आगामी दिनों में लोकसभा सत्र 30 नवम्बर और राज्यसभा सत्र 2 दिसम्बर से पुन: बुलाने का फैसला किया गया है। इसे पहले सत्र का विस्तार ही कहा गया है, जो 13 अगस्त को खत्म हुआ था। सरकार मॉनसून सत्र में महिलाओं के लिए आरक्षण और लोकसभा के क्षेत्रों की हदबंदी करने के लिए बज़िद थी, परन्तु इन संवैधानिक संशोधनों के लिए संसद में दो तिहाई बहुमत का होना ज़रूरी था, जो बड़े यत्नों के बावजूद सरकार हासिल नहीं कर सकी थी। यदि यह विधेयक पारित हो जाते हैं तो वर्ष 2029 के आम चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण कर दिया जाएगा। सरकार हदबंदी करने के लिए वर्ष 2011 की जनगणना को ही आधार बनाने की इच्छुक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं के लिए आरक्षण को एक बहुत ही भावुक मुद्दा बना कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने विगत दिवस संविधान दिवस के अवसर पर भी कहा था कि कोई भी ताकत महिलाओं को इन्साफ मिलने से नहीं रोक सकती। उन्होंने अप्रैल महीने में हलकाबंदी से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयक, जिसमें महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था थी, के गिरने के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया था और कहा था कि लोकसभा और राज्य की विधानसभाओं में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने वाले कानून को चाहे कांग्रेस ने पारित नहीं होने दिया परन्तु वह भारत की नारी शक्ति को विश्वास दिलाते हैं कि महिलाओं को इन्साफ दिलाने से कोई भी रोक नहीं सकता। चाहे एक बार फिर संसद सत्र तो बुला लिया गया है परन्तु आकलन के हिसाब से सरकार के पास दो तिहाई बहुमत अभी भी नहीं है, परन्तु अब हालात पहले वाले दिखाई नहीं देते। इस समय डी.एम.के. और नैशनल कांग्रेस पार्टी (एन.सी.पी.) ने चाहे अब तक अपने पत्ते तो नहीं खोले, परन्तु यह संभावना ज़रूर बनी दिखाई देती है कि वह किसी न किसी रूप में सरकार के पक्ष में भुगत सकते हैं। इस समय लोकसभा में डी.एम.के. के 22 सदस्य हैं। एन.सी.पी. (शरद पवार) के 8 और टी.एम.सी. के 8 सदस्य हैं। यदि इन विधेयकों संबंधी मतदान के समय इन पार्टियों के ज्यादातर सदस्य अनुपस्थित रहते हैं तो सरकार अपने उद्देश्य के निकट ज़रूर पहुंच सकती है। विगत अवधि में टी.एम.सी. के 20 और उद्धव ठाकरे ग्रुप के 6 सांसदों ने अपनी पार्टी बदल ली थी। चाहे एन.डी.ए. सरकार की पहले से ताकत ज़रूर बढ़ी है, परन्तु इसके बावजूद दोनों सदनों में इन विधेयकों के पारित होने संबंधी अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। विपक्षी पार्टियों ने सरकार की ओर से खेले जा रहे इन दाव-पेंचों को गैर लोकतांत्रिक कहा है और यह भी कि मोदी और शाह पहले भी ऐसा कुछ करते आए हैं।
देश भर में उन्होेंने प्रत्येक स्तर की राजनीतिक पार्टियों में जोड़-तोड़ करने का बड़ा यत्न जारी रखा है। संसद में ये विधेयक पारित होते हैं या नहीं, इसका पता तो कुछ दिनों में लग जाएगा, परन्तु यदि एक बार फिर विधेयक पारित नहीं होते तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को विपक्षी पार्टियां, विशेष रूप से कांग्रेस के विरुद्ध यह प्रचार करने का अवसर ज़रूर मिल जाएगा कि वह महिलाओं के अधिकारों के विरुद्ध खड़ी है, इसीलिए उन्होंने पेश इन विधेयकों संबंधी ऐसा रवैया धारण करके रखा है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं। भाजपा को विधेयक पारित होने या न होने से दोनों परिस्थितियों में इसका भारी राजनीतिक लाभ मिलने की सम्भावना है।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

