कश्मीर में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार: शोपियां में लश्कर के तीन मददगार गिरफ्तार

श्रीनगर, 27 नवंबर - दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवाद के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और शोपियां पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त रूप से जिले के नरवाव और रावलपोरा इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल इन तीनों मददगारों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अवेंड (शोपियां) निवासी अबरार अहमद मीर, दाछीपोरा निवासी रसिक अहमद भट और सुहैल अहमद लोन के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने इन तीनों के कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की है, जिसमें दो हैंड ग्रेनेड, लश्कर-ए-तैयबा के पांच पोस्टर, एके-47 के 20 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड शामिल हैं।

#कश्मीर
# सुरक्षाबलों