कश्मीर की सियासत में भूचाल: नेकां में बढ़ी दरार, रुहुल्ला ने पार्टी को कहा अलविदा
बडगाम, 3 नवंबर - सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने समर्थकों की भारी मौजूदगी के बीच मंच से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस छोड़ने का एलान कर दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह अब पार्टी का हिस्सा नहीं हैं और खुद को नेशनल कॉन्फ्रेंस से अलग कर रहे हैं।
रुहुल्ला ने सभा में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा, 'मैं आप सबका शुक्रगुजार हूं कि आप यहां आए। यहां कुर्सी संभालनी नहीं, बल्कि कुर्सी से उतरना था। उन्होंने कहा कि दोपहर 2:40 बजे तक वह नेशनल कॉन्फ्रेंस का हिस्सा थे, लेकिन अब वह खुद को पार्टी से आजाद करते हैं।
इस एलान के बाद सभा में मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी की। लोगों ने 'टाइगर-टाइगर, रुहुल्ला टाइगर' के नारे लगाकर उनके प्रति समर्थन जताया।
रुहुल्ला ने अपना इस्तीफा मोहम्मद अशरफ मट्टू को सौंपा और उनसे कहा कि वह इसे अपने हाथों से संबंधित लोगों तक पहुंचाएं। अशरफ मट्टू के बेटे तुफैल मट्टू की वर्ष 2010 में श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में पुलिस फायरिंग के दौरान मौत हो गई थी।

