यूपी: आजम खां के बाद अब परिजन पर कसेगा ईडी का शिकंजा! 

आगरा, 3 नवंबर - मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सपा नेता आजम खां की गिरफ्तारी के बाद अब ईडी जौहर ट्रस्ट से जुड़े अन्य सदस्यों की कुंडली खंगालने में लगी है। ट्रस्ट में सपा नेता आजम खां की पत्नी, दोनों बेटे और बहन भी शामिल हैं। ऐसे में ईडी की कार्रवाई आगे बढ़ने पर आजम परिवार की मुसीबत और बढ़ सकती है।

ईडी की ओर से 13 अक्तूबर को अजीम नगर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में जाैहर ट्रस्ट को शामिल किया गया है जिसके माध्यम से यूनिवर्सिटी का निर्माण कराया गया है। निजी विश्वविद्यालय में सरकारी धन का उपयोग हो या फर्जी फर्मों से चंदा लेने की बात, सब कुछ इसी ट्रस्ट के जरिये किया गया है। ऐसे में ट्रस्ट में शामिल सभी सदस्यों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
आजम खां ने 1990 में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट गठित किया था। वह खुद ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष बने थे जबकि पत्नी तजीन फातिमा सचिव, बहन निकहत अफलाक कोषाध्यक्ष और दोनों बेटे अदीब व अब्दुल्ला को सदस्य बनाया था। इनके अलावा मुश्ताक अहमद सिद्दीकी उपाध्यक्ष, चमरौवा के सपा विधायक नसीर अहमद खां संयुक्त सचिव और सलीम कासिम को सदस्य के रूप में रखा गया।

#यूपी
# आजम खां