लखनऊ: एसजीपीजीआई में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती की दूसरे चरण की परीक्षा निरस्त

लखनऊ, 1 नवंबर - संजय गांधी पीजीआई (एसजीपीजीआई) में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती की दूसरे चरण की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। यह परीक्षा रविवार यानी पहली नवंबर को होनी थी। परीक्षा निरस्त होने की सूचना संस्थान के परीक्षा प्रकोष्ठ ने रविवार को नोटिफिकेशन जारी कर दी।

परीक्षा प्रकोष्ठ की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक नर्सिंग ऑफिसर पद पर भर्ती के लिए दूसरे चरण की ऑफलाइन परीक्षा आयोजित होनी थी। अपरिहार्य परिस्थितियों के चलते परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
इस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को इसकी सूचना दी गई है। संस्थान ने परीक्षा से जुड़े केंद्र अधीक्षकों और पर्यवेक्षकों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) को भी सूचना भेजी गई है। परीक्षा निरस्त होने से अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। हालांकि संस्थान की ओर से परीक्षा रद्द करने की वजह के तौर पर केवल अपरिहार्य परिस्थितियों का जिक्र किया गया है। कोई विस्तृत कारण नहीं बताया गया है।

#लखनऊ