UP: प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकताओं को मिला तोहफा
लखनऊ, 2 नवंबर - इस बार प्रदेश की लाखों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की दिवाली पहले से अधिक खुशियों के साथ मनेगी। योगी सरकार ने त्योहार से पहले उनके मानदेय में बढ़ोतरी कर लाखों परिवारों को उपहार दिया है। लंबे समय से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी निभा रहीं इन कर्मियों को अब बढ़ा हुआ मानदेय मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इससे कार्यकर्ताओं को हर महीने 4 हजार और सहायिकाओं को 2 हजार रुपये अतिरिक्त मिल रहे। बढ़ी हुई आमदनी से जहां घर का बजट मजबूत होगा, वहीं त्योहार की तैयारियों में भी आसानी होगी।
योगी सरकार ने करीब 3.35 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं व परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। अब उन्हें अपने परिवार के साथ हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज का प्रावधान है। सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में जरूरत होने पर इसका लाभ ले सकती हैं। इसके अलावा अब तक मिलने वाली दो साड़ियों के स्थान पर तीन साड़ियां दी जाएंगी। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई है। इस पर सरकार करीब 20 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इन सुविधाओं से त्योहार की खुशियों के साथ परिवार की स्वास्थ्य संबंधी चिंता कम करने में भी मदद मिलेगी।

