हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दिया कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा
कुरुक्षेत्र :, 02 नवंबर - हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दिया कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, वेतन में 10 फीसदी तक बढ़ोतरी, बजट पास न होने को लेकर कमेटी के सदस्यों पर साधा निशाना बोले जो सदस्य एग्जीक्यूटिव बॉडी की बैठक में शामिल नहीं होंगे, उनके घरों के बाहर दिया जाएगा धरना
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दीपावली और बंदी छोड़ दिवस के मौके पर अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है, कमेटी ने कर्मचारियों के वेतन में 1 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है, कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को सबसे ज्यादा राहत दी गई है, वहीं एक साल से वेतन में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने बताया की कमेटी के फैसले के मुताबिक 10 से 12 हजार रुपये वेतन पाने वालों की सैलरी में 10 प्रतिशत, 13 से 14 हजार वालों को 9 प्रतिशत, 15 से 16 हजार वालों को 8 प्रतिशत, 17 से 18 हजार वालों को 7 प्रतिशत, 19 हजार वेतन वालों को 6 प्रतिशत, 20 से 25 हजार वालों को 5 प्रतिशत, 25 से 35 हजार वालों को 4 प्रतिशत, 35 से 49 हजार वालों को 3 प्रतिशत, 50 से 99 हजार वालों को 2 प्रतिशत और एक लाख या इससे अधिक वेतन पाने वालों को 1 प्रतिशत बढ़ोतरी दी गई है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की दिहाड़ी 315 रुपये से बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है, कुछ अधिकारियों के वेतन में भी 5 हजार रुपये तक का इजाफा किया गया है, साथ ही सभी कर्मचारियों को 3 हजार रुपये का दिवाली उपहार भी दिया गया है।
वहीं झींडा ने बजट पास न होने को लेकर कमेटी के सदस्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सदस्य एग्जीक्यूटिव बॉडी की बैठक में शामिल नहीं होंगे, उनके घरों के बाहर संगत के सहयोग से धरना दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि अब कमेटी संगत की अदालत में जाएगी और बजट पास करवाने के लिए आवाज उठाएगी।

