जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में जोरदार धमाका: 4 पाकिस्तानी आतंकी ढेर

पुंछ (जम्मू-कश्मीर), 12 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में घुसपैठ की संभावित कोशिशों और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास धमाकों की घटनाओं और बारूदी सुरंगें बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुंछ के KG (कृष्णा घाटी) सेक्टर में भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे लश्कर-ए-तैयबा के एक कमांडर समेत चार पाकिस्तानी आतंकियों के बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट में मारे जाने की खबर है। मृतकों की पहचान मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद फैजान, मोहम्मद वकास और मोहम्मद आसिम के रूप में बताई गई है। इनमें मोहम्मद फैजान को लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ कमांडर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के हजीरा इलाके के रहने वाले थे।

सतवाल-नकी में भी सुनाई दी धमाके की आवाज, कारणों की जांच

पुंछ के एक अन्य सीमावर्ती गांव सतवाल-नकी में भी जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देने की सूचना मिली है। यह घटना नियंत्रण रेखा के पास कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल देखे जाने के बाद सामने आई।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका आईईडी के कारण हुआ, बारूदी सुरंग फटने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

#जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में जोरदार धमाका: 4 पाकिस्तानी आतंकी ढेर