एलओसी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, लैंडमाइन विस्फोट में लश्कर कमांडर समेत चार दहशतगर्द ढेर

पुंछ, 12 अक्टूबर - जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बारूदी सुरंग धमाके में लश्कर-ए-ताइबा के टॉप कमांडर समेत चार आतंकवादी मारे गए। ये सभी भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर बड़ी वारदात की फिराक में थे। धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई। इसके तुरंत बाद भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बलों ने अग्रिम चौकियों पर हाई अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि भीषण धमाका सोमवार को जीरो लाइन (एलओसी) पर सतवाल-नाकी गांव इलाके के पास हुआ। विस्फोट के समय पाकिस्तानी क्षेत्र से भारतीय सीमा में घुसपैठियों के एक दल की आवाजाही देखी जा रही थी। आधिकारिक तौर मारे जाने या घायल घुसपैठियों की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि धमाके में मारे गए आतंकी गुलाम कश्मीर में पुंछ जिले हाजीरा तहसील के मंडला और मदारपुर गांव के रहने वाले थे। इनकी पहचान लश्कर का टॉप कमांडर मोहम्मद फैजान, मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद वकास और मोहम्मद आसिम के रूप में हुई है।

#एलओसी
# पुंछ