जम्मू कश्मीर: कुलगाम में लतीफ भट समेत दो आतंकी मारे जाने की सूचना 

जम्मू, 16 नवंबर - सोमवार को कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी के मारे जाने की सूचना है। इनमें लश्कर का टॉप कमांडर आतंकी लतीफ भट भी शामिल है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। लतीफ भट पर बुधवार को कुलगाम में सीआरपीएफ के सुरक्षा ठिकाने पर हुए हमले में शामिल होने का शक था।

कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले के बाद सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है। कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे दो आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से सीआरपीएफ के नाके पर हमला कर दिया। हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात कुलगाम के नौपोरा अखरन इलाके की है। यह स्थान श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर दूर और कड़ी सुरक्षा वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से बमुश्किल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
सूत्रों ने बताया कि सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन का दल नौपोरा अखरन इलाके में नियमित ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान पैदल पहुंचे दो आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान घायल हुए तीनों जवानों को जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया।

#जम्मू कश्मीर
# कुलगाम