कठुआ की पहाड़ियों पर ताज़ा बर्फबारी: सफेद चादर में ढकीं वादियां
कठुआ, 14 नवंबर - जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में ताज़ा बर्फबारी के साथ ही मौसम का मिज़ाज पूरी तरह से खुशनुमा हो गया है। बनी, सरथली, छत्तरगलां और आसपास की ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। मौसम के इस खूबसूरत बदलाव के साथ ही मैदानी और आसपास के इलाकों से पर्यटकों का पहाड़ी क्षेत्रों की ओर रुख करना शुरू हो गया है।
बर्फबारी के बीच पर्यटक बर्फ के गोलों से खेलते हुए और वादियों की खूबसूरती को कैमरों में कैद करते नजर आ रहे हैं। ऊपरी इलाकों में हो रही इस बर्फबारी के कारण निचले मैदानी इलाकों में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और ठिठुरन काफी बढ़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों और वाहन चालकों को बर्फबारी के दौरान फिसलन भरे पहाड़ी रास्तों पर सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी है।

