खडूर साहिब सांसद अमृतपाल सिंह को मिली 1 दिन की अंतरिम पैरोल
पंजाब, 14 नवंबर - असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को पंजाब की अमृतसर जिला अदालत से राहत मिली है। अदालत ने उन्हें अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 1 दिन की कस्टडी (अंतरिम) पैरोल मंजूर की है।
अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल से पुलिस हिरासत में पंजाब लाया जाएगा। पैरोल की अवधि के दौरान उन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी और किसी भी तरह के सार्वजनिक संबोधन या मीडिया से बातचीत करने पर पाबंदी रहेगी। अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था और तब से वह डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
जेल में रहने के बावजूद उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की थी। पारिवारिक दुख की इस घड़ी में अदालत ने उन्हें धार्मिक और अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने की अनुमति दी है।

