कुलगाम में बड़ा आतंकी हमला: CRPF पेट्रोलिंग टीम पर फायरिंग, 3 जवान घायल
कुलगाम, 11 नवंबर - जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर एक कायराना आतंकी हमला किया गया। कुलगाम में गश्त (पेट्रोलिंग) कर रही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टीम पर मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से दो जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हमला होते ही सतर्क CRPF जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। हालांकि हमलावर आतंकी फायरिंग करने के बाद मौके से भागने में कामयाब रहे। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाबलों की क्विक रिएक्शन टीम और अतिरिक्त बल तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे कुलगाम इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया है और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

