नदियों को बचाने के लिए समाज सामूहिक रूप में आगे आए
तमिलनाडु की तामिराबरानी नदी से जुड़ा एक मामला चर्चा में है। मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने 9 जुलाई, 2026 में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। मामला नदी के किनारे बने एक मंडप और उससे संबंधित विवाद से शुरू हुआ था, लेकिन सुनवाई के दौरान नदी में फेंके जा रहे कपड़ों और दूसरी वस्तुओं से होने वाले प्रदूषण का गंभीर प्रश्न सामने आया। अदालत को बताया गया कि मई 2026 में केवल 22 दिनों के दौरान नदी से लगभग 86-90 टन पुराने कपड़े, 1385 किलो प्लास्टिक व कांच की बोतलें, चप्पलें और दूसरी वस्तुएं निकाली गईं। अदालत ने तामिराबरानी नदी को सीमित उद्देश्य के लिए कानूनी व्यक्तित्व यानी ज्यूरिस्टिक पर्सन का दर्जा दिया और स्पष्ट किया कि किसी को भी धर्म या आस्था के नाम पर नदी को प्रदूषित करने का अधिकार नहीं है।
नदियों की हालत
नदियों को पूजा जाता है। अनेक छोटी-बड़ी नदियां हैं। इनके किनारे सभ्यताएं बसीं, शहर विकसित हुए, खेती फली-फूली और करोड़ों लोगों की ज़िंदगी इनसे जुड़ी रही। आज नदियां ऐसी हैं जिनका पानी देखकर शायद ही कहा जा सके कि इसमें नहाया जा सकता है, पानी इस्तेमाल किया जा सकता है। प्लास्टिक, गंदगी तथा नालों का पानी नदी की पहचान बन गए हैं। हज़ारों करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद गंगा साफ नहीं हो सकी। यही हाल लगभग सभी नदियों का है। बरसात के मौसम में पानी की निकासी हेतु ठेके दिए जाते हैं और बाढ़ आ गई तो झोंपड़ियों के बह जाने पर सरकारी मुआवज़े का खेल शुरू हो जाता है। नदियां प्रदूषण की जननी और विषैले वातावरण का निर्माण करने वाली बन जाती हैं। इसमें प्रशासन की लापरवाही, उद्योगों की मनमानी, नगरपालिकाओं की कमज़ोर व्यवस्था और आम लोगों की आदतें, सभी का योगदान होता है।
दिल्ली और एनसीआर में यमुना को लेकर एक बड़ी योजना बनाई गई है। नागपुर स्थित सीएसआईआर संस्थान नीरी जो पर्यावरण में सुधार और प्रदूषण रोकने के लिए आधुनिक टेक्नोलॉजी तैयार करने में अग्रणी है, उसे भी जोड़ा गया है। देश में विकसित प्रौद्योगिकी से नदियों के तट फूलों से भरे और स्वच्छ वायु में सांस लेने के शानदार बगीचे बन सकते हैं। लेकिन तकनीक का अलमारी और फाइलों की कैद से कभी कभार ही बाहर निकलना हो पाता है। यमुना की सफाई के लिए करोड़ों रुपये खर्च हुए, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण नहीं हुआ। एक विभाग दूसरे विभाग पर ज़िम्मेदारी डालता रहा।
सुप्रीम कोर्ट ने 4 नवम्बर, 2026 के अपने आदेश में यमुना की सफाई के लिए प्रस्तुत एक्शन प्लान पर महत्वपूर्ण टिप्पणियां कीं जिसमें 125 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने और 520 नालों के गंदे पानी को रोक कर उपचार की व्यवस्था करने सहित कई प्रस्ताव थे। अदालत ने सवाल उठाया कि मौजूदा संयंत्रों में से कितने निर्धारित मानकों पर काम कर रहे हैं, नदी के किनारे और बाढ़ क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति क्या है और अलग-अलग राज्यों के बीच तालमेल कितना प्रभावी है। इसका जवाब कब मिलेगा, कोई नहीं जानता।
हमने बहाने बनाये
अक्सर यह तर्क दिया जाता है कि आबादी बहुत है, शहर तेज़ी से फैल रहे हैं और प्रदूषण रोकना आसान नहीं है। लेकिन दूसरे देशों के अनुभव बताते हैं कि नदी का प्रदूषण कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। ज़रूरत सही योजना, कठोर निर्णय और लगातार निगरानी की है। इंग्लैंड की टेम्स नदी का उदाहरण है। लंदन की पहचान मानी जाने वाली यह नदी 1950 के दशक तक इतनी प्रदूषित हो चुकी थी कि 1957 में उसे जैविक रूप से मृत घोषित किया गया। लेकिन इंग्लैंड ने इसे अपनी नियति मानकर स्वीकार नहीं किया। सीवेज के उपचार की व्यवस्था में सुधार किया गया, औद्योगिक कचरे पर नियंत्रण और नदी में गंदा पानी छोड़ने पर सख्ती की गई। कई दशकों तक लगातार प्रयास का परिणाम यह हुआ कि नदी में मछलियां लौटने लगीं। आज भी थेमस नदी में 125 से अधिक मछलियों की किस्में हैं।
सिंगापुर नदी 1970 के दशक में इतनी गंदी हो चुकी थी कि उसके आसपास रहना मुश्किल था। 1977 में सिंगापुर ने दस साल के भीतर नदी को साफ करने का लक्ष्य रखा। आज उसी नदी के किनारे सुंदर सार्वजनिक स्थल, रेस्तरां और पर्यटन की सुविधाएं हैं। यूरोप की राइन नदी कई देशों से होकर गुजरती है। 1986 में स्विट्जरलैंड के एक रासायनिक कारखाने में आग लगने के बाद जहरीले रसायन नदी में पहुंच गए। सैकड़ों किलोमीटर तक मछलियों और छोटे जलीय जीवों की मौत हुई। 1987 में स्विट्जरलैंड, जर्मनी, फ्रांस, नीदरलैंड और अन्य देशों ने मिलकर राइन एक्शन प्रोग्राम शुरू किया। औद्योगिक कचरे पर नियंत्रण, सीवेज ट्रीटमैंट, दुर्घटनाओं की रोकथाम और पानी की गुणवत्ता की निगरानी के लिए साझा व्यवस्था बनाई गई। 1985 से 2000 के बीच कई प्रमुख प्रदूषकों का नदी में पहुंचना 70 से 100 प्रतिशत तक कम हुआ।
भारत में समाधान
नदियों का पानी एक राज्य से दूसरे राज्य में जाता है। इसलिए ज़िम्मेदारी भी साझा होनी चाहिए। हर शहर और कस्बे के सभी नालों का नक्शा तैयार हो। देखा जाए कि कौन-सा नाला कितना गंदा पानी नदी में डाल रहा है और उसे साफ करने की ज़िम्मेदारी किस विभाग की है। केवल संयंत्र बना देना उपलब्धि नहीं है। यह देखना ज़रूरी है कि वह रोज कितना पानी साफ कर रहा है और बाहर निकलने वाले पानी की गुणवत्ता क्या है। यदि प्लांट बंद है या मानकों के अनुरूप काम नहीं कर रहा तो उसके संचालक और ज़िम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों पर सख्ती तथा पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच हो। कानूनों की कमी नहीं है। जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम-1974 की धारा 24 के अंतर्गत प्रदूषित पदार्थों को जलस्रोतों में डालने पर रोक है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को जांच करने और जरूरी निर्देश देने के अधिकार प्राप्त हैं। पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 के अंतर्गत प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
आम नागरिक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायत करने को ही पर्याप्त समझ लेता है और विभाग चुप्पी साध लेता है। ज़िम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, हमारी भी है। हर शहर में नदी संरक्षण समितियां बनाई जा सकती हैं, जिनमें स्थानीय नागरिक, मछुआरे, किसान, सामाजिक संस्थाएं, स्कूल-कॉलेज और पर्यावरण विशेषज्ञ शामिल हों। नदी को बचाना कोई उपकार नहीं, हमारी ज़रूरत है। नदी को साफ करने का तरीका यह नहीं कि हम उसमें से गंदगी निकालें, बल्कि यह है कि हम अपनी गंदगी उसमें डालना ही बंद कर दें।

