क्या विश्व व्यापार संगठन में सुधार चाहता है भारत ?
भारत ने विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की कुछ नीतियों, प्रस्तावित समझौतों और निर्णय लेने की प्रक्रिया का कड़ा विरोध किया है। इससे अमरीका-यूरोप की अगुवाई में चल रही अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं में हड़कंप मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि यदि भारत की मांगों की और अधिक अनदेखी की गई तो वह विश्व व्यापार संगठन से बाहर भी जा सकता है! उल्लेखनीय है कि संगठन की आधिकारिक सदस्य सूची में भारत की सदस्यता 1 जनवरी, 1995 से दर्ज है। लेकिन अब भारत के रुख में जो दृढ़ता दिखाई दे रही है, उसके पीछे महत्वपूर्ण आर्थिक और रणनीतिक कारण हैं। सवाल है कि भारत विश्व व्यापार संगठन से क्यों असहमत है? इसके पीछे क्या रणनीति है?
कृषि और किसानों के हित : भारत चाहता है कि उसे अपने किसानों को खाद्य सुरक्षा, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और कृषि सहायता देने की पर्याप्त स्वतंत्रता मिले। दरअसल संगठन के कृषि सब्सिडी नियमों को लेकर भारत की चिंता है कि विकसित देशों की तुलना में विकासशील देशों पर अधिक दबाव नहीं पड़ना चाहिए।
खाद्य सुरक्षा का अधिकार : भारत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से करोड़ों लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराता है। भारत चाहता है कि सार्वजनिक भंडारण के मामले में स्थायी समाधान निकले ताकि खाद्य सुरक्षा योजनाएं अंतर्राष्ट्रीय व्यापार नियमों से प्रभावित न हों।
डिजिटल व्यापार पर संप्रभुता : भारत ई-कॉमर्स और डिजिटल व्यापार के नियमों पर सावधानी बरत रहा है। भारत की चिंता है कि डिजिटल व्यापार के नाम पर भविष्य में घरेलू डिजिटल उद्योगए डेटा नीतियों और राजस्व संबंधी नीतियों की स्वतंत्रता प्रभावित न हो।
बहुपक्षीय समझौतों का विरोध : भारत का कहना है कि विश्व व्यापार संगठन में सभी सदस्यों की सहमति के बिना कुछ देशों के बीच हुए समझौतों को पूरे संगठन के ढांचे में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।बता दें कि मार्च 2026 में कैमरून के याउंडे में आयोजित विश्व व्यापार संगठन के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भारत ने ‘विकास के लिए निवेश सुविधा समझौते’ को विश्व व्यापार संगठन के औपचारिक ढांचे में शामिल करने का विरोध किया था।
भारत के इस रुख से क्या लाभ?
एक, कृषि के क्षेत्र में किसानों के हितों की रक्षा होगी। दो, खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में एमएसपी और सार्वजनिक खाद्यान्न भंडारण की नीति को संरक्षण मिलेगा। तीन, डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में घरेलू डिजिटल नीतियों के लिए अधिक स्वतंत्रता मिलेगी। चार, उद्योग के क्षेत्र में घरेलू उद्योगों को प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की गुंजाइश बनेगी। पांच, व्यापार नीति के क्षेत्र में राष्ट्रीय हित के अनुसार बातचीत की शक्ति बढ़ेगी। छह, कूटनीति के क्षेत्र में विकासशील देशों की आवाज़ मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
क्या संगठन से बाहर निकल जाना चाहिए?
अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक विशेषज्ञ बताते हैं कि भारत के लिए विश्व व्यापार संगठन छोड़ने के बजाय उसके भीतर रहकर अपने हितों की रक्षा करना अधिक लाभदायक है। इसके तीन बड़े कारण हैं—पहला, निर्यात बाजार : भारत के उत्पादों को वैश्विक बाजार में नियम आधारित व्यापार का लाभ मिलता है। दूसरा, व्यापार विवाद : संगठन के माध्यम से भारत दूसरे देशों की अनुचित व्यापार नीतियों को चुनौती दे सकता है। तीसरा, वैश्विक प्रभाव : भारत विकासशील देशों और गरीब देशों के हितों की सामूहिक आवाज़ बन सकता है। विश्व व्यापार संगठन के 2026 के विश्व व्यापार प्रतिवेदन के अनुसार वैश्विक वस्तु व्यापार का लगभग 72 प्रतिशत अभी भी संगठन के एमएफएन नियमों के अंतर्गत होता है। इसलिए इससे बाहर निकलना भारत के लिए भी महंगा साबित हो सकता है।
क्या भारत अपनी शर्ते मनवा सकता है?
भारत के पास इसके लिए कुछ महत्वपूर्ण ताकतें हैं,जैसे विशाल घरेलू बाज़ार। दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं में स्थान। कृषि और खाद्य बाज़ार का व्यापक आकार। आईटी और डिजिटल सेवाओं में मजबूत उपस्थिति। विकासशील देशों के बीच नेतृत्व की क्षमता। सितम्बर 2026 में भारत संगठन के बहुपक्षीय ढांचे को सुरक्षित रखने के लिए बहुपक्षीय समझौतों पर आठ सुरक्षा उपाय प्रस्तावित किए थे। इनमें सर्वसम्मति, गैर-भागीदार देशों के अधिकार और विकासशील देशों के हितों की सुरक्षा प्रमुख हैं।
चुनौतियां भी कम नहीं हैं
संगठन से दूरी बनाने या उसके नियमों की लगातार अनदेखी करने से कुछ नुकसान हो सकते हैं—जैसे भारतीय निर्यातकों को विदेशी बाज़ारों में कठिनाइयां हो सकती हैं। देश भारतीय उत्पादों पर व्यापार प्रतिबंध लगा सकते हैं।अंतर्राष्ट्रीय व्यापार विवादों में भारत की संस्थागत स्थिति कमज़ोर हो सकती है। वैश्विक निवेशकों के बीच व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता बढ़ सकती है। अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मामलों के जानकार बताते हैं कि विश्व व्यापार संगठन छोड़ना नहीं, संगठन की व्यवस्था में सुधार भारत का लक्ष्य होना चाहिए। लिहाजा भारत की रणनीति को तीन शब्दों में समझा जा सकता है—राष्ट्रीय हित, आर्थिक संप्रभुता और वैश्विक व्यापार में प्रभाव। भारत यह संदेश देना चाहता है कि वैश्विक व्यापार के नियम केवल विकसित देशों की आर्थिक प्राथमिकताओं के अनुरूप नहीं बनने चाहिए। उनमें भारत जैसे विकासशील देशों, किसानों, छोटे उद्योगों और गरीब देशों के हितों को भी पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक व आर्थिक सवाल यह है कि क्या भारत संगठन के भीतर रहकर ही वैश्विक व्यापार व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत बनाने में सफल हो पाएगा या भविष्य में उसे अपनी अलग व्यापारिक व्यवस्था विकसित करने की ज़रूरत पड़ेगी? यही आने वाले वर्षों में भारत की आर्थिक कूटनीति की बड़ी परीक्षा होगी। (युवराज)

