सिख इतिहास और लोक कथाओं के चित्रकार सोभा सिंह
सरदार सोभा सिंह हृदय से एक सच्चे कलाकार थे। एक ऐसे कलाकार, जिनकी सर्वशक्तिमान ईश्वर में आस्था और सौंदर्य, अच्छाई तथा मानवीय मूल्यों के प्रति उनका चिरस्थायी दर्शन आज भी उन्हें उनकी अमर कलाकृतियों के माध्यम से जीवंत बनाए हुए है—वे कृतियां जो उनके शाश्वत चित्रों के फ्रेम से बाहर आकर मानो स्वयं बोल उठती हैं। वे भारत के सर्वाधिक प्रतिष्ठित समकालीन कलाकारों में से एक रहे हैं।
पाश्चात्य तेल चित्रकला की शास्त्रीय विधियों का उपयोग करते हुए इस महान चित्रकार ने अनेक कालजयी कृतियां रचीं। उन्होंने सिख इतिहास और पंजाबी लोककथाओं के महत्वपूर्ण पात्रों के अत्यंत मार्मिक और अविश्वसनीय रूप से सजीव चित्र उकेरे। सोभा सिंह की चिरस्थायी कलाकृतियों में सिख गुरु, पैगंबर, संत और पौराणिक व्यक्तित्व जीवंत हो उठते हैं।
यद्यपि उनकी कला मुख्य रूप से प्रसिद्ध धार्मिक और प्रेम-प्रसंगों को दर्शाती है, किन्तु उनकी सर्वाधिक प्रसिद्ध कृति प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की है, जिसमें वे आशीर्वाद की मुद्रा में हाथ उठाए हुए हैं—यह चित्र ईश्वर में आस्था रखने वाले प्रत्येक परिवार को आशीर्वाद प्रदान करता है। हालांकि उनका पहला चित्र छठे सिख गुरु श्री हरगोबिंद साहिब जी का था।
‘सोहनी-महिवाल’ और सम्राट शाहजहां की बाहों में मुमताज महल की उनकी सर्वव्यापी कृति-जिसका शीर्षक ‘लास्ट डिजायर ऑफ मुमताज महल’ (मुमताज महल की अंतिम इच्छा) है— प्रेम का वास्तविक चित्रण हैं। सोहनी-महिवाल अविभाजित पंजाब की एक प्रसिद्ध दुखांत प्रेम कहानी है, जिसने सोभा सिंह को मंत्रमुग्ध कर दिया था। वे इस कथा से इतने अभिभूत थे कि 1937 और 1980 के बीच उन्होंने इस चित्र के पांच अलग-अलग संस्करण बनाए।
यह जानकर कई लोगों को आश्चर्य हो सकता है कि एक स्थापित और प्रख्यात चित्रकार बनने से पहले वे ब्रिटिश-भारतीय सेना में तीसरी पीढ़ी के सैनिक थे। उनका जन्म 29 नवम्बर, 1901 को गुरदासपुर ज़िले में ब्यास नदी के तट पर बसे एक छोटे से कस्बे श्री हरगोबिंदपुर में माता बीबी अछरां देवी और पिता सरदार देवा सिंह के घर हुआ था। उनके पिता सेना की 22वीं बटालियन में सर्वेयर होने के साथ-साथ एक प्रशिक्षित घुड़सवार सैनिक (कैवेलियर) और प्रतिभाशाली चित्रकार भी थे। उनके दादा सरदार चरहत सिंह भी महाराजा रणजीत सिंह की सेना में घुड़सवार सैनिक थे।
सोभा सिंह मात्र 15 वर्ष के थे जब उन्होंने अपने बहनोई से चित्रकला सीखना शुरू किया और बाद में 1915 में अमृतसर के इंडस्ट्रियल स्कूल से कला एवं शिल्प में एक वर्षीय पाठ्यक्रम में दाखिला लिया। हालांकि, 1919 से 1923 तक ब्रिटिश-भारतीय सेना में मुख्य मानचित्रकार के रूप में 5 वर्षों तक सेवा देने के बाद उन्होंने पूर्ण रूप से चित्रकला के अपने जुनून को अपनाया। इस अवधि के दौरान मानचित्र बनाने के साथ-साथ उन्होंने अपनी चित्रकला के कौशल को भी निखारा।
1923 में बीबी इंदर कौर से विवाह के पश्चात, उन्होंने अमृतसर के फव्वारा चौक पर ‘सुभाष स्टूडियो’ खोला। उनके स्टूडियो का नाम महान क्रांतिकारी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरित था। 1925 से 1929 के बीच लाहौर के अनारकली में ‘इको स्कूल ऑफ आर्ट’ की स्थापना करने के बाद उन्होंने एक सफल चित्रकार के रूप में अपनी प्रतिष्ठा स्थापित की। 1935 में उनके दो चित्रों को ‘लंदन इलस्ट्रेटेड वीकली’ में शामिल किया गया। 1947 में विभाजन की पूर्व संध्या पर उन्हें लाहौर छोड़ना पड़ा और वे अपने लगभग 300 कलाकृतियों—जिनमें साठ अमूल्य चित्र शामिल थे-तथा अन्य कीमती सामान को वहीं पीछे छोड़ आए।
अंतत: वे हिमाचल की कांगड़ा घाटी स्थित पालमपुर के शांत गांव अंद्रेटा में बस गए व अपनी विभिन्न उत्कृष्ट कृतियों के माध्यम से इस छोटे से गांव को अंतर्राष्ट्रीय कला मानचित्र पर ला खड़ा किया। आज यहां ‘सोभा सिंह आर्ट गैलरी एंड म्यूजियम’ स्थापित है, जिसका प्रबंधन उनकी पुत्री बीबी गुरचरण कौर और उनके पुत्र डा. हिरदय पाल सिंह परिवार द्वारा किया जा रहा है।
1973 में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस प्रख्यात भारतीय कलाकार के जीवन और 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनकी जीवनी पर आधारित ‘पेंटर ऑफ द पीपल’ नामक एक वृत्तचित्र डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई। सोभा सिंह जी को 1983 में भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया। इस वर्ष 27 नवम्बर को इस महान कलाकार की 125वीं जयंती के अवसर पर, पंजाब के गुरदासपुर ज़िले में स्थित उनकी जन्मभूमि श्री हरगोबिंदपुर से वर्ष भर चलने वाले समारोहों का शुभारंभ होगा, जिसका समापन नवंबर 2027 में हिमाचल प्रदेश के अंद्रेटा स्थित उनकी कर्मभूमि में होगा। ये समारोह ‘जन्मभूमि से कर्मभूमि’ विषय (थीम) पर केंद्रित होंगे।
सिख परिवारों में बुजुर्ग पिता तुल्य व्यक्तियों को दिए जाने वाले सम्मानजनक उपनाम ‘दारजी’ के रूप में प्रसिद्ध सरदार सोभा सिंह जी, अपने नाम ‘सोभा’ (जिसका अर्थ है गरिमा/आभा) के अनुरूप चार दशक पूर्व 22 अगस्त, 1986 को इस संसार को अलविदा कह गए और अपने पीछे ऐसी अमिट स्मृतियां छोड़ गए जो अपनी गरिमामयी कलाकृतियों के माध्यम से कला के इतिहास और विश्व भर के कला प्रेमियों को सदैव सुशोभित और मंत्रमुग्ध करती रहेंगी।
-क्षेत्रीय समाचार प्रमुख,
आकाशवाणी केन्द्र, जालन्धर।



