क्या ‘मुफ्त’ के वादों से बेअसर नई मतदाता पीढ़ी का उदय होगा ?
उत्तर प्रदेश और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ राजनीतिक दलों के वादों का पिटारा खुलने लगा है। आम आदमी पार्टी हो या समाजवादी पार्टी, मतदाताओं को लुभाने के लिए मुफ्त सुविधाओं और लोकलुभावन घोषणाओं की राजनीति एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। लेकिन क्या राजनीतिक दलों ने यह मान लिया है कि मुफ्त बिजली, नकद सहायता, भत्ते और दूसरी रियायतों का प्रलोभन देकर युवा मतदाताओं का वोट आसानी से हासिल किया जा सकता है? शायद अब ऐसा नहीं है। नई पीढ़ी का मतदाता सोशल मीडिया के दौर में सरकारों के कामकाज, चुनावी वादों की हकीकत, बेरोज़गारी, शिक्षा, महंगाई और रोज़गार के अवसरों पर भी नज़र रखता है।
युवा मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी, रोज़गार की बेचैनी, डिजिटल दुनिया का प्रभाव और बदलती सामाजिक आकांक्षाएं। ये सब साल 2027 के शुरुआत में पांच राज्यों और साल के अंत तक दो अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों के विमर्श को नया आयाम दे सकती हैं। वास्तव में साल 2027 में भारतीय लोकतंत्र की एक दिलचस्प पीढ़ीगत परीक्षा होने जा रही है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन अथवा राजनीतिक दलों की लोकप्रियता का आकलन नहीं होंगे, बल्कि ये यह भी परखेंगे कि देश की नई मतदाता पीढ़ी राजनीति और लोकतांत्रिक व्यवस्था से क्या अपेक्षाएं रखती है। यह वह पीढ़ी है जिसने इंटरनेट, स्मार्टफोन, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच आंखें खोली हैं। इसे जेन-जी (जनरेशन जेड) भी कहा जाता है, जो कि सामान्यत: 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोगों का समूह है। 2027 में इस पीढ़ी के 18 से 30 वर्ष के सदस्य मतदान के पात्र होंगे। हालांकि पूरी पीढ़ी मतदाता नहीं होगी, क्योंकि इसका एक बड़ा हिस्सा अभी 18 वर्ष से कम आयु का है। फिर भी चुनावी राजनीति में इसका बढ़ता प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण है।
संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या अनुमानों पर आधारित 2026 के आकलन के अनुसार भारत में 14-29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 40.7 करोड़ लोग हैं। दूसरी ओर निर्वाचन आयोग के 2024 के आंकड़ों के मुताबिक 18-29 वर्ष के मतदाता देश के कुल पंजीकृत मतदाताओं का 22.78 प्रतिशत हैं यानी यह केवल भविष्य की नहीं, वर्तमान की भी महत्वपूर्ण मतदाता ताकत हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग के 2024 के इलेक्शन एटलस के मुताबिक अगले साल जिन सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, वहां 18-29 वर्ष के मतदाताओं की हिस्सेदारी में उल्लेखनीय अंतर है। मणिपुर में यह 23.74 प्रतिशत, गुजरात में 23.32 प्रतिशत, उत्तराखंड में 22.18 प्रतिशत, हिमाचल प्रदेश में 21.91 प्रतिशत, पंजाब में 21.44 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 21.19 प्रतिशत और गोवा में 19.60 प्रतिशत हैं। लेकिन इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि युवा मतदाताओं की मौजूदगी सभी राज्यों में महत्वपूर्ण है, भले उनका अनुपात समान न हो। इन आंकड़ों के बीच एक ताज़ा घटनाक्रम भी महत्वपूर्ण है। निर्वाचन आयोग ने 15 अक्तूबर 2026 को 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की घोषणा की, जिसमें आगामी चुनाव वाले उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर भी शामिल हैं। इसके तहत एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर नए मतदाताओं को जोड़ने की व्यवस्था की गई है।
उत्तर प्रदेश की नवम्बर 2026 की प्रारंभिक मतदाता सूची में 18.84 लाख की वृद्धि दर्ज हुई, जिसमें 11.83 लाख मतदाता 18-19 वर्ष आयु वर्ग के हैं। उत्तर प्रदेश में युवा मतदाताओं के सामने रोज़गार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, सरकारी नौकरियों में रिक्तियां, पेपर लीक, कौशल विकास और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। यहां युवा मतदाता केवल नौकरी नहीं बल्कि सम्मानजनक रोजगार और आर्थिक गतिशीलता की अपेक्षा रखता है। इसके विपरीत पंजाब में युवा पीढ़ी की चुनौतियों का स्वरूप अलग है। बेरोज़गारी, नशे की समस्या, विदेशों में पढ़ाई और रोज़गार के लिए पलायन तथा कृषि से बाहर निकलने के सीमित अवसर उसके भविष्य से जुड़े प्रश्न हैं। विदेश जाने की बढ़ती आकांक्षा के पीछे स्थानीय अर्थव्यवस्था में पर्याप्त अवसरों की उपलब्धता का सवाल भी छिपा है। राजनीतिक दलों के लिए यह समझना ज़रूरी होगा कि युवा केवल वादों से नहीं, रोज़गार के विश्वसनीय अवसरों से जुड़ना चाहता है। इसीलिए उत्तराखंड में रोज़गार के साथ पलायन, पर्यटन, स्थानीय उद्यमिता और पर्यावरणीय संकट जैसे मसले अहम हैं। पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता भी भविष्य के फैसलों को प्रभावित कर सकती है।
इसी तरह गोवा में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था, महंगे होते आवास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोज़गार प्रमुख विषय हैं। मणिपुर में युवा मतदाताओं की प्राथमिकताओं का केंद्र सामाजिक शांति, सुरक्षा, पुनर्वास, शिक्षा और रोज़गार रहेगा। जातीय संघर्ष से प्रभावित समाज में सामान्य जीवन की बहाली और विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास का पुनर्निर्माण युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ा है। गुजरात में औद्योगिक विकास, स्टार्टअप, विनिर्माण, तकनीकी शिक्षा, रोज़गार की गुणवत्ता और छोटे उद्यमों के अवसर महत्वपूर्ण होंगे। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन, बागवानी, सरकारी रोज़गार, पलायन और पर्यावरणीय आपदाओं से आजीविका की सुरक्षा युवा पीढ़ी के प्रमुख सरोकार हैं। कुल मिलाकर सभी प्रदेशों में रोज़गार और शिक्षा सबसे बड़ी चुनावी कसौटी होगी। जेन-जी की राजनीतिक प्राथमिकताओं को समझने के लिए रोज़गार के आंकड़े विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की पीएलएफ एस 2025 रिपोर्ट के अनुसार देश में 15-29 वर्ष आयु वर्ग की बेरोज़गारी दर 2024 के 10.3 प्रतिशत से घटकर 2025 में 9.9 प्रतिशत रह गई। हालांकि शहरी युवाओं में यह दर 13.6 प्रतिशत थी। इसी रिपोर्ट के मुताबिक 15-29 वर्ष आयु वर्ग के 5 प्रतिशत युवाओं ने औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया था। यह कौशल विकास और रोज़गार के बीच मौजूद अंतर की ओर ध्यान खींचता है। इंडिया टुडे-सी-वोटर के 2026 के जेन-जी सर्वेक्षण में 53 प्रतिशत युवाओं ने रोज़गार को सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बताया है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

