जब रंगों में बोल उठती हैं पुरखों की कहानियां
नागालैंड के हार्नबिल फेस्टिवल पर विशेष
दिसम्बर माह के सुबह की ठिठुरती हुई सी पहली किरण के साथ पहाड़ों की वादियों में लोकगीत गूंजने लगते हैं। लोग रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे सिर पर आकर्षक पंखों और आभूषणों से सजे मुकुट लगाए, कहीं युद्धक नृत्य की थाप पर थिरक रहे हैं, तो कहीं प्रेम स्वरलहरी बिखेर रहे हैं। बांस से बने पारंपरिक घरों के सामने सजे पकवान, लकड़ी पर उकेरी गई कलाकृतियां और हर तरफ उत्साह से भरे चेहरे। आप किसी पारंपरिक उत्सव केंद्र में नहीं हैं। जी हां, आप नागालैंड में हैं और यहां का मशहूर सांस्कृतिक उत्सव हार्नबिल फेस्टिवल शुरु हो चुका है। 1 से 10 दिसम्बर तक चलने वाला यह उत्सव भारत के सबसे अनूठे सांस्कृतिक आयोजनों में से एक है। शायद इसलिए इसे ‘फेस्टिवल ऑफ फेस्टिवल्स’ कहते हैं। इस साल यानी 2026 में हार्नबिल फेस्टिवल का 27वां संस्करण आयोजन होगा। हर साल की तरह नागालैंड की राजधानी कोहिमा से करीब 12 किलोमीटर दूर किसामा स्थित नागा हेरिटेज विलेज इसका प्रमुख आयोजन स्थल है। इस उत्सव की शुरुआत 1 दिसंबर को ही होती है, क्योंकि यह नागालैंड का स्थापना दिवस है।
पुरखों का पुनर्जन्म
हॉर्नबिल फेस्टिवल की परिकल्पना साल 2000 में नागालैंड सरकार ने की थी। इसका उद्देश्य राज्य की जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देना तथा उन्हें दुनिया के सामने लाना था। नागालैंड अनेक प्रमुख जनजातीय समुदायों का घर है, जिनमें शामिल हैं-अंगामी, आओ, कोन्याक, लोथा, सुमी, चाखेसांग, चांग, फोम, संगतम और अन्य समुदाय। वास्तव में इस फेस्टिवल में ये सभी समुदाय सांस्कृतिक उत्सव के चलते अपने पुरखों की कहानियों को पुनर्जीवित करते हैं।
मोरुंग का स्थापत्य
इस उत्सव में अलग-अलग जनजातीय समुदायों की पारंपरिक स्थापत्य शैली में बने मोरुंग देखने को मिलते हैं। मोरुंग को पारंपरिक रूप से युवाओं के सामुदायिक निवास और सीखने-सिखाने के केन्द्र के रूप में जाना जाता है। यहां युवा अपने समुदाय की परंपराओं, कौशल, लोककथाओं और सामाजिक जीवन से परिचित होते हैं। ये संरचनाएं सदियों से नागा समाज की सामूहिक स्मृति और सांस्कृतिक पहचान की झलक पेश करती हैं।
ढोल की थाप पर बोलती हैं कहानियां
इस उत्सव का सबसे आकर्षक हिस्सा इसके सांस्कृतिक कार्यक्रम हैं। अलग-अलग जनजातियों के पारंपरिक नृत्य, युद्धक मुद्राएं, सामूहिक गीत और लोकसंगीत देखने वालों को एक अलग ही दुनिया में ले जाते हैं। इन प्रस्तुतियों में केवल मनोरंजन नहीं होता बल्कि किसी समुदाय का इतिहास, उसकी जीवनशैली, संघर्ष, प्रेम, प्रकृति से संबंध और सामूहिक चेतना भी झलकती है। कई गीत ऐसे हैं जिनमें पीढ़ियों से चली आ रही मौखिक परंपराएं सुरक्षित हैं। इन कहानियों के साथ नागा संगीत भी इस उत्सव में जीवंत होता है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों के साथ गिटार, रॉक और समकालीन संगीत का संगम इस उत्सव को खास बनाता है। नागालैंड में संगीत केवल मंचीय कला नहीं बल्कि जीवन का हिस्सा है। हॉर्नबिल इसी संगीत प्रेम को अंतर्राष्ट्रीय पहचान देने का भी माध्यम बना है।
पकवानों का भी उत्सव
कहा जाता है किसी भी संस्कृति को समझना हो तो उसके खानपान से बेहतर कोई दूसरा रास्ता नहीं होता। हॉर्नबिल फेस्टिवल में भी नागा व्यंजनों का संसार इसका एक और प्रमुख आकर्षण है। बांस की कोपलों, स्थानीय जड़ी-बूटियों, स्मोक्ड मीट और क्षेत्रीय मसालों से तैयार व्यंजन यहां की खाद्य परंपराओं की कहानी कहते हैं। अलग-अलग समुदायों के पकवानों का स्वाद लेने का अवसर मिलता है। यहां भोजन सिर्फ भूख मिटाने का जरिया नहीं बल्कि स्थानीय प्रकृति, कृषि, जलवायु और सामुदायिक जीवन से जुड़ी विरासत है।
हस्तशिल्प और कलाकृतियां
हस्तशिल्प, हथकरघा, बांस और लकड़ी की कलाकृतियां, पारंपरिक आभूषण और स्थानीय उत्पाद भी इस आयोजन को विशेष बनाते हैं। इस मौके पर यहां आये पर्यटक इन्हें देख सकते हैं, खरीद सकते हैं और इनके पीछे छिपे कारीगरों के हुनर को समझ सकते हैं। पारंपरिक कुश्ती, तीरंदाजी और स्थानीय खेल आयोजन भी इस फेस्टिवल को रोमांच प्रदान करते हैं।
संस्कृति की अर्थव्यवस्था
हॉर्नबिल फेस्टिवल की अहमियत केवल सांस्कृतिक संरक्षण तक सीमित नहीं है, यह नागालैंड की पर्यटन अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण बन चुका है। होटल, होमस्टे, टैक्सी, स्थानीय परिवहन, रेस्तरां, हस्तशिल्प विक्रेता, गाइड और छोटे कारोबारी इस आयोजन से लाभ उठाते हैं। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक स्थानीय उत्पादों और सेवाओं की मांग बढ़ाते हैं। इससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए रोज़गार तथा स्वरोज़गार की संभावनाएं भी पैदा होती हैं।
परंपराओं को बचाने का संकल्प
हॉर्नबिल नाम भी अपने आपमें प्रतीकात्मक है। हॉर्नबिल यानी धनेश पक्षी नागा लोककथाओं और सांस्कृतिक प्रतीकों में विशेष स्थान रखता है। इसकी भव्यता और विशिष्ट पहचान का प्रभाव पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों में भी दिखाई देता है। यह पक्षी प्रकृति और नागा सांस्कृतिक जीवन के बीच गहरे संबंध की याद दिलाता है। आज जब दुनिया के अनेक हिस्सों में स्थानीय भाषाएं, लोकगीत, पारंपरिक कलाएं और जीवनशैलियां आधुनिकता के दबाव में अपनी जगह खो रही हैं, तब हॉर्नबिल जैसा आयोजन उम्मीद जगाता है। यह बताता है कि आधुनिक होना अपनी जड़ों को छोड़ देना नहीं है।
दस दिनों तक चलने वाला यह आयोजन आखिरकार एक ऐसी सीख देकर विदा होता है, जिसकी ज़रूरत आज पूरी दुनिया को है। विविधता कोई दूरी या दीवार नहीं है बल्कि एक-दूसरे को समझने और समृद्ध होने का अवसर है। अलग-अलग भाषाएं बोलते, अलग-अलग गीत गाते और अलग-अलग परंपराओं को जीते लोग जब एक मंच पर मुस्कराते हुए मिलते हैं, तो संस्कृति की सबसे सुंदर तस्वीर बनती है। शायद हॉर्नबिल फेस्टिवल की असली खूबसूरती भी यही है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





