खड़गे ने 10 राज्यों की NSUI इकाइयों के एडहॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को दी मंजूरी

पंजाब NSUI की कमान राजविंदर सिंह सिद्धू को सौंपी

नई दिल्ली, 28 नवंबर। कांग्रेस ने अपने छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को मजबूत करने के लिए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 10 राज्यों और क्षेत्रीय इकाइयों के एडहॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शनिवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पंजाब NSUI के एडहॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी राजविंदर सिंह सिद्धू को सौंपी गई है। इसके अलावा साके साई कुमार को आंध्र प्रदेश, तनीबर जेरांग को अरुणाचल प्रदेश, कुमार अर्जुन गौली को गोवा और विकास बिश्नोई को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह रोनाथुंग ई. ओवुंग को नागालैंड, उत्तम चौधरी को राजस्थान और एन. विजय को तमिलनाडु NSUI का एडहॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश की दो क्षेत्रीय इकाइयों के लिए सौरभ सौजन्या यादव को यूपी सेंट्रल और शशांक शर्मा को यूपी वेस्ट का एडहॉक अध्यक्ष बनाया गया है।

कांग्रेस ने यह संगठनात्मक बदलाव देशभर में छात्र संगठन को सक्रिय करने और युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से किया है। NSUI कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाने और युवाओं के साथ संपर्क बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। पार्टी को उम्मीद है कि नए पदाधिकारी संगठन को मजबूत करने के साथ जमीनी स्तर पर इसकी सक्रियता बढ़ाएंगे।

#खड़गे
# NSUI