रुद्रपुर में मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा बयान, मंदिर की संपत्ति को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
रुद्रपुर (उत्तराखंड), 9 अगस्त - कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंदिर की संपत्ति से जुड़ी चोरी के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को सबसे पहले उठाया था।
खड़गे ने कहा, “मुद्दा मंदिर की चोरी का नहीं, बल्कि मंदिर के अंदर मौजूद संपत्ति की चोरी का है। वहां का सोना, गहने, चांदी, सोने की ईंट और पैसे जैसी चीजें उठा ली गईं। यह सब वहां की देखरेख करने वालों ने ही किया है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मंदिर का ट्रस्ट प्रधानमंत्री द्वारा बनाया गया था। उनके मुताबिक, मंदिर का उद्घाटन, पूजा की शुरुआत और ट्रस्ट के सदस्यों का चयन भी प्रधानमंत्री की ओर से किया गया था।
खड़गे ने कहा, “जब सभी चीजें आपने की हैं तो आपको सदन में आकर जवाब देना चाहिए कि ऐसा क्यों हुआ?” उन्होंने केंद्र सरकार से जवाब मांगते हुए सवाल किया कि आखिर सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से क्यों बच रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष इस मामले में जवाबदेही चाहता है और सरकार को सदन में आकर पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

