Haridwar: कांवड़ यात्रा के दौरान हादसा; गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की मौत
हरिद्वार, 31 जुलाई - कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार बड़ा हादसा हो गया। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र जटवाड़ा पुल के पास शुक्रवार शाम गंगनहर में नहाते समय चार कांवड़ यात्री डूब गए। हादसे में चारों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को पुलिस को जटवाड़ा पुल के पास चार लोगों के गंगनहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने गंगनहर में तलाश शुरू की। अभियान के दौरान चारों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

