उत्तराखंड: चारधाम यात्रा रुकी, मालदेवता में रिकॉर्ड बारिश दर्ज, हाईवे बंद, कई जगह बाढ़ जैसे हालात
देहारदून, 28 जुलाई - राजधानी देहारदून में पिछले 24 घंटे में मालदेवता में सबसे अधिक 233 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि देहरादून, मसूरी, जोलीग्रांट और उखीमठ समेत कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर भूस्खलन से बंद हो गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं, कई जगह मलबा और बोल्डर गिरने से सड़कें बाधित हुईं, लोगों का रेस्क्यू करना पड़ा और चार जिलों में स्कूल भी बंद आज बंद किए गए हैं।
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए अस्थायी रूप से रोक दी गई है। आयुक्त गढ़वाल मंडल ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से अवरूद्ध होने और भारी वर्षा का अलर्ट के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज और कल के लिए चारधाम यात्रा स्थगित की गई है। मौसम अनुकूल होने पर यात्रा पुनः प्रारंभ की जाएगी। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून नंदा की चौकी के पास बना नया पुल पहली मानसून की बारिश भी नहीं झेल पाया। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया था। बारिश के बीच पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। हाल ही में तैयार किए गए इस पुल की एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर यातायात रोक दिया गया। वहीं रेंजर्स ग्राउंड के पास भी जलभराव होने से वाहनों को निकलने में भारी मुशिकल हो रही है।

