उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनगढ़ी नाला पर नवनिर्मित गर्डर पुल का किया उद्घाटन
रामनगर (नैनीताल), 5 जुलाई: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-309 (NH-309) पर धनगढ़ी नाला स्थित नवनिर्मित गर्डर पुल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बरसात के मौसम में धनगढ़ी नाला में पानी बढ़ने के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस नए पुल के निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। सरकार की नीति और नीयत दोनों स्पष्ट हैं तथा प्रदेश के हर क्षेत्र तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पुल के शुरू होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों और व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

