अमरनाथ यात्रा: एलजी मनोज सिन्हा ने नुनवान और चंदनवाड़ी शिविरों का किया निरीक्षण, बिना पंजीकरण वाले यात्रियों से धैर्य रखने की अपील

श्रीनगर, 5 जुलाई (रवि शर्मा)- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री अमरनाथ जी यात्रा के तहत नुनवान और चंदनवाड़ी आधार शिविरों का दौरा कर वहां यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा और तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण के श्रद्धालु जम्मू पहुंच रहे हैं। ऐसे यात्रियों को अपनी बारी का इंतजार करना होगा, क्योंकि यात्रा निर्धारित नियमों और क्षमता के अनुसार ही संचालित की जा रही है।

उपराज्यपाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय दिशा-निर्देशों और प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की निर्धारित सीमा का पूरी तरह पालन किया जा रहा है, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सुरक्षा बलों, प्रशासनिक अधिकारियों और यात्रा में तैनात कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें। इससे यात्रा सुचारु, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संचालित करने में मदद मिलेगी।

 
#अमरनाथ यात्रा: एलजी मनोज सिन्हा ने नुनवान और चंदनवाड़ी शिविरों का किया निरीक्षण
# बिना पंजीकरण वाले यात्रियों से धैर्य रखने की अपील