पंजाब की बेटी हरप्रीत कौर इटली के सनबोनिफाचो पुलिस स्टेशन में देंगी सेवाएं
वेनिस (इटली), 5 जुलाई (हरदीप सिंह कंग)- इटली, खासकर सनबोनिफाचो क्षेत्र में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए गर्व और खुशी की बात है कि पंजाब के गांव खटकड़ कलां से संबंध रखने वाले परिवार की होनहार बेटी हरप्रीत कौर अब वेरोना के निकट स्थित सनबोनिफाचो पुलिस स्टेशन में अपनी सेवाएं देंगी।
हरप्रीत कौर की भर्ती इटली पुलिस में वर्ष 2022 में हुई थी। उन्होंने कानून (लॉ) की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले इटली की सैन्य सेवा (इटालियन मिलिट्री) में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। हरप्रीत कौर स्वर्गीय हरदीप सिंह और माता बलविंदर कौर की बेटी हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण इटली में ही हुआ।
कई कठिन और चुनौतीपूर्ण परीक्षाएं पास करने के बाद हरप्रीत कौर ने अपने सपने को साकार किया और इटली पुलिस विभाग में नौकरी हासिल कर अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे भारत का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वह अपने पति अमरिंदरपाल सिंह संधू के साथ विचेंज़ा के निकट अर्जिन्यानो शहर में रहती हैं।
अमरिंदरपाल सिंह संधू पंजाब के जालंधर जिले के गांव तलवंडी माधो के रहने वाले हैं। हरप्रीत कौर की सनबोनिफाचो पुलिस स्टेशन में नियुक्ति से भारतीय समुदाय में खुशी की लहर है। वहीं, शहर के नवनिर्वाचित मेयर लियोनार्दो फ्रिगो सहित कई इतालवी गणमान्य व्यक्तियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

