वैंकूवर के पास नाव हादसे में लापता 6 लोगों की तलाश अब रिकवरी अभियान में बदली
वैंकूवर, 29 जून (मलकीत सिंह)- कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के वैंकूवर के निकट जॉर्जिया स्ट्रेट में डूबी चार्टर नाव हादसे में लापता छह लोगों को अब मृत मानते हुए उनकी तलाश को रिकवरी अभियान में बदल दिया गया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, लापता लोगों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पानी के भीतर काम करने वाली विशेष गोताखोर टीम डूबी हुई नाव की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले करीब 10 लोग समुद्री सैर के लिए चार्टर नाव में सवार होकर निकले थे। नाव कुछ ही दूरी तय कर पाई थी कि अचानक उसमें पानी भरने लगा और देखते ही देखते वह समुद्र में डूब गई।
हादसे के दौरान चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि छह लोग लापता हो गए थे। कई घंटों तक चले व्यापक बचाव अभियान के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद अधिकारियों ने अब बचाव अभियान को रिकवरी ऑपरेशन में बदल दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। डूबी हुई नाव की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नाव में पानी कैसे भरा और दुर्घटना किन कारणों से हुई।

