अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इटली के कई शहरों में हुआ योगाभ्यास
मिलान (इटली), 23 जून (हरदीप सिंह कंग)- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्व के अनेक देशों की तरह उत्तरी इटली के विभिन्न शहरों में भी एक दिवसीय योग शिविरों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
भारतीय वाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट जनरल) मिलान के प्रयासों और इतालवी प्रशासन के सहयोग से मिलान, ट्यूरिन, वेरोना और विचेंज़ा सहित कई शहरों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में इतालवी नागरिकों तथा अन्य विदेशी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ट्यूरिन में आयोजित योग शिविर का नेतृत्व कॉन्सुलेट जनरल मिलान के श्री लवण्या कुमार ने किया। वहीं मिलान में काउंसल श्री अतुल चौहान ने पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। वेरोना में वाइस काउंसल श्री हिमांशु मौदगिल तथा विचेंज़ा के निकट बसे शहर बासानो डेल ग्रापा में वाइस काउंसल बिक्रमजीत सिंह गिल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कॉन्सुलेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी योगाभ्यास किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने योग के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए इसकी महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।





