समझौते पर ट्रंप ने तेहारन को धमकाया, कहा- उनका खेल खत्म, एक पैसा भी नहीं मिलेगा
वॉशिंगटन डी.सी, 19 जून - अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हुए युद्धविराम और शांति समझौते को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि बातचीत की जरूरत अमेरिका को नहीं, बल्कि ईरान को थी। उन्होंने दावा किया कि युद्ध के बाद ईरान की स्थिति पहले की तुलना में काफी कमजोर हो गई है और यही वजह है कि तेहरान को समझौते की राह पकड़नी पड़ी। ट्रंप ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखेगी और समझौते की 60 दिन की प्रक्रिया पूरी होने तक किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि हम मजबूरी में नहीं मिले थे, ईरान मिला था। वे खत्म हो चुके हैं। हम 60 दिन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्हें कोई पैसा नहीं मिलेगा, एक पैसा भी नहीं। उन्होंने दावा किया कि युद्ध ने ईरान की सैन्य और आर्थिक ताकत को कमजोर कर दिया है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान अब पहले जैसी स्थिति में नहीं है।

