वैंकूवर के कारोबारियों की हुई चांदी, पर्यटकों की खरीदारी से बढ़ी रौनक
वैंकूवर, 22 जून (मलकीत सिंह) – फीफा विश्व कप 2026 के मैचों ने कनाडा के वैंकूवर शहर के कारोबारियों की बल्ले-बल्ले कर दी है। हजारों फुटबॉल प्रशंसकों और दुनिया भर से आए पर्यटकों के शहर में पहुंचने से होटल, बार, रेस्तरां, कैफे और खुदरा दुकानों की बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बीसी प्लेस स्टेडियम और फैन जोन के आसपास स्थित कई व्यापारियों ने बताया कि मैच वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। कुछ बार संचालकों का दावा है कि उन्होंने केवल एक घंटे में उतनी बीयर बेच दी, जितनी सामान्य तौर पर एक सप्ताह में बिकती है।
व्यापारियों का कहना है कि विभिन्न देशों से आए पर्यटक स्थानीय व्यंजनों, स्मृति-चिह्नों और अन्य सामानों की भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इससे छोटे और मध्यम स्तर के कारोबारियों को भी बड़ा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
हालांकि, कुछ व्यापारियों ने यह भी बताया कि स्टेडियम और प्रमुख आयोजन स्थलों से दूर स्थित इलाकों में ग्राहकों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ी है।
पर्यटन और व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि विश्व कप के शेष मुकाबलों के दौरान भी वैंकूवर की स्थानीय अर्थव्यवस्था को इसी तरह लाभ मिलता रहेगा। वहीं, बड़ी संख्या में टैक्सी चालक भी सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक सवारियां मिलने से काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

